Last Updated:
Top 5 influencers Controversies : इंटरनेट पर जितनी जल्दी स्टारडम मिलता है, उतनी ही तेजी से छिन भी जाता है. प्रणित मोरे के हालिया ‘बिरयानी विवाद’ से लेकर समय रैना तक. देखिए उन 5 बड़े इन्फ्लुएंसर्स की कहानी, जिनकी एक बड़ी गलती ने उनकी बरसों की मेहनत पर पानी फेर दिया और करियर सीधे अर्श से फर्श पर आ गया!
बिग बॉस 19 के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे को काफी पॉपुलैरिटी मिली थी. उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ रही थी और करियर भी शानदार चल रहा था, लेकिन अब वह एक विवाद की वजह से सुर्खियों में हैं. इंटरनेट की दुनिया में जहां लोग रातों-रात स्टार बन जाते हैं, वहीं एक गलती या विवाद कई बार अर्श से फर्श पर भी पहुंचा सकती है. इन दिनों प्रणित मोरे सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं और कई यूजर्स उन्हें अनफॉलो कर रहे हैं. हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी इन्फ्लुएंसर या कंटेंट क्रिएटर को विवाद के चलते लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी हो. इससे पहले भी कई बड़े नाम अपने बयान, विवादित हरकत की वजह से चर्चा में आ चुके हैं. आइए जानते हैं उन चर्चित क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के बारे में जिनका एक विवाद के चलते दांव पर लग गया था पूरा करियर!
प्रणित मोरे: बिग बॉस 19 कंटेस्टेंट और मुंबई के स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों एक बहुत बड़े और गंभीर विवाद में फंस गए हैं. उनके गुड़गांव वाले शो का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक लड़के ने ₹370 की बिरयानी का हवाला देकर एक लड़की के साथ पार्क में जबरदस्ती करने की कहानी सुनाई. इस गंभीर बात पर गुस्सा होने के बजाय प्रणित और वहां बैठी जनता खूब हंसे, और प्रणित ने उस लड़के को इनाम भी दे दिया. वीडियो इंटरनेट पर आते ही बवाल मच गया, लोगों ने इसे महिला सुरक्षा के खिलाफ माना और भारी विरोध के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे और उस लड़के के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी. विवाद इतना बढ़ा कि प्रणित को अपना इंस्टाग्राम अकाउंट तक डिलीट करना पड़ गया.
समय रैना: कॉमेडियन समय का सबसे बड़ा और असली विवाद उनके सुपरहिट यूट्यूब शो ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ को लेकर हुआ था. इस शो के एक एपिसोड में जज के तौर पर रणवीर अल्लाहबादिया (बीयरबाइसेप्स) और अपूर्वा मुखिया (द रीबेल किड) शामिल थे, जहां माता-पिता और शारीरिक संबंधों को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भद्दी बातें कही गईं. जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, इंटरनेट पर भूचाल आ गया और अश्लीलता फैलाने के आरोप में असम और महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मुखिया के खिलाफ FIR दर्ज कर दी. मामला पुलिस और कोर्ट तक पहुंचने के बाद चौतरफा बदनामी और कानूनी पचड़े से बचने के लिए समय रैना को मजबूरन इस शो के सारे एपिसोड और वीडियोज अपने यूट्यूब चैनल से हमेशा के लिए डिलीट करने पड़े थे. हालांकि अब इन सभी ने वापिस से अपना कमबैक कर लिया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एल्विश यादव: यूट्यूब की दुनिया के सबसे बड़े नामों में से एक एल्विश यादव ने बिग बॉस जीतकर इतिहास रचा था. लेकिन जीत के बाद उनका नाम कई बड़े और गंभीर विवादों में आया. रेव पार्टी में सांपों के जहर की सप्लाई का मामला हो, या फिर सोशल मीडिया पर दूसरे यूट्यूबर्स के साथ मारपीट और धमकी देने वाले वीडियोज, एल्विश लगातार पुलिस और कानूनी पचड़ों में फंसे रहे. पुलिसिया कार्रवाई और जेल जाने के बाद उनके करियर और ब्रांड वैल्यू को बहुत बड़ा झटका लगा. जो फैंस कभी उनके पीछे पागल थे, उनमें से एक बड़े तबके ने उनकी इन हरकतों के बाद उनसे दूरी बना ली.
मशहूर कॉमेडियन और बिग बॉस विनर मुनव्वर फारुकी का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है. उनका सबसे बड़ा असली विवाद साल 2021 में हुआ, जब इंदौर के एक शो में धार्मिक भावनाएं दुखाने के आरोप में उन्हें करीब एक महीना जेल में काटना पड़ा. इस घटना के बाद उनके दर्जनों शोज़ कैंसिल हो गए और करियर पूरी तरह खत्म होने की कगार पर आ गया था. इसके बाद जब उन्होंने कमबैक किया, तो बिग बॉस के दौरान उनकी पर्सनल लाइफ और कई लड़कियों को एक साथ डेट करने के आरोपों ने इंटरनेट पर भारी बवाल मचाया. इन विवादों के चलते मुनव्वर को भयंकर नफरत और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और उनकी इमेज पूरी तरह मिट्टी में मिल गई थी.
गौरव तानेजा: देश के सबसे बड़े फैमिली व्लॉगर्स में से एक गौरव तानेजा का करियर भी एक समय बहुत बड़े विवादों में घिर गया था. अपने जन्मदिन पर नोएडा मेट्रो स्टेशन पर फैंस की भारी भीड़ जुटाने के कारण मची अफरा-तफरी के बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद उनकी पर्सनल लाइफ और वैवाहिक जीवन को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें और बातें उड़ीं, जिससे उनकी परफेक्ट फैमिली मैन वाली छवि को बहुत नुकसान पहुँचा. फैंस ने उन पर व्यूज के लिए हर चीज का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया, जिससे उनके व्यूज और फॉलोअर्स पर काफी बुरा असर पड़ा.