Last Updated:
Muskmelon Seeds Benefits: अगर आप खरबूजा के बीज को निकालकर फेंक देते हैं, तो ये लेख आपके लिए है. यहां आप इसके सेवन के सही तरीके और फायदों के बारे में जान सकते हैं.
गर्मी के मौसम में खरबूजा खाना लगभग सभी को पसंद होता है. तरबूज की तरह इसमें भी पानी की अच्छी मात्रा होती है, जिसके कारण इसका सेवन बॉडी को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. लेकिन ज्यादातर लोग इसे खाने के बाद इसके बीज फेंक देते हैं. जबकि ये छोटे-छोटे बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और स्वास्थ्य के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकते हैं. यही वजह है कि आजकल बाजार में खरबूजे के बीज पैकिंग के साथ अच्छे दामों पर बेचे जा रहे हैं.
खरबूजे के बीजों में प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, मैग्नीशियम, जिंक, आयरन और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. ये शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण कार्यों में मदद करते हैं. हालांकि, इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.
खरबूजा के बीज खाने के फायदे
- दिल को स्वस्थ रखने में भी खरबूजे के बीज लाभकारी माने जाते हैं. इनमें मौजूद मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है. नियमित रूप से उचित मात्रा में इनका सेवन करने से दिल के स्वास्थ्य को फायदा मिल सकता है.
- पाचन तंत्र के लिए भी ये बीज काफी उपयोगी हैं. इनमें मौजूद फाइबर भोजन को धीरे-धीरे पचाने में मदद करता है और आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है. पर्याप्त फाइबर लेने से कब्ज, गैस, पेट फूलना और अपच जैसी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है. साथ ही यह आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को भी बढ़ावा देता है, जिससे पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है.
- खरबूजे के बीज रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी मदद कर सकते हैं. इनमें पाया जाने वाला जिंक शरीर की इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसके अलावा, इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं.
- त्वचा की सेहत के लिए भी ये बीज फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें मौजूद हेल्दी फैट और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं. इनके सेवन से त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है और समय से पहले झुर्रियां आने का खतरा कम हो सकता है.
- वजन कम करने या नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी खरबूजे के बीज उपयोगी हो सकते हैं. इनमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराते हैं, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और अनावश्यक खाने से बचाव होता है.
स्टोर और सेवन का तरीका
इन्हें घर पर तैयार करना भी बेहद आसान है. खरबूजे से निकाले गए बीजों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. फिर उन्हें धूप में पूरी तरह सुखा लें. सूखने के बाद हल्का भूनकर स्नैक के रूप में खाया जा सकता है.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.