Last Updated:
बॉलीवुड एक्टर मुश्ताक खान का 65 की उम्र में निधन हो गया. मुश्ताक के निधन से उनकी जन्मस्थली बालाघाट के बैहर में शोक की लहर है. उनकी भतीजी और बैहर में लोगों ने दुख जताया है. उन्होंने कई यादगार भूमिकाएं निभाईं ,’वेलकम’ में बल्लू के आइकॉनिक किरदार से घर-घर में अपार लोकप्रियता हासिल की. ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हेरा फेरी’, ‘गदर’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘जोड़ी नंबर 1’ जैसी फिल्मों में सहज कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता.
मुश्ताक खान के निधन पर बालाघाट में शोक.
बालाघाट. हिंदी सिनेमा के जाने-माने एक्टर और कॉमेडियन मुश्ताक खान का 24 सितंबर की शाम मुंबई के नानावती अस्पताल में निधन हो गया. 65 वर्ष की आयु में उनके अचानक चले जाने से पूरे बॉलीवुड के साथ-साथ उनकी जन्मस्थली बैहर (बालाघाट) में भी गहरा शोक व्याप्त है. बैहरवासी अपने इस प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. रंगमंच से अपनी एक्टिंग की शुरुआत करने वाले मुश्ताक खान ने राष्ट्रीय स्तर पर बालाघाट का नाम रोशन किया. उनके निधन से बालाघाट जिले ने अपना एक चमकता सितारा खो दिया है. बालाघाट में रहने वाले उनके रिश्तेदार और लोगों ने दुख जताया है.
मुश्ताक खान की रिश्तेदार सायमा नाज ने कहा, “जी, बैहर में जो मुश्ताक खान जो जन्मे थे, उन्होंने बैहर को बॉलीवुड एक पहचान दिलाई है. और चूंकि वह रिश्ते में मेरे फूफा जी लगते थे. उनके निधन से हमारे बैहर में जो है एक गमगीन माहौल है. और सबसे पहले तो मैं उनके लिए यही दुआ करूंगी कि अल्लाह उनको जन्नत में आला से आला जो है मकाम अता करे. रही बात जो उनका व्यवहार था, वह कभी एक सेलिब्रिटी की तरह या एक बॉलीवुड स्टार की तरह बैहर में नहीं आए.”
सायमा नाज ने आगे कहा, “वह जब भी आते थे तो एक जमीन से जुड़े व्यक्ति थे और यहां के लोगों से उनके साथ उनका वैसे ही उठना-बैठना था. उनका जो मिलना-जुलना था, एक आम इंसान की तरह था. तो उनके अंदर हमने कभी यह नहीं देखा कि एक बॉलीवुड की हस्ती हैं वह, तो उनके अंदर थोड़ा भी ईगो होगा या थोड़ा उनको लेकर के ज़मीनी लोगों से नहीं जुड़े होंगे. बिल्कुल वह जो है सामान्य व्यक्ति की तरह यहां आते थे और मिलते थे. और उनके डेथ की जो खबर सुनके बैहर का माहौल पूरा ही गमगीन है.”
बैहर में गमगीन माहौल
बैहर के रहने वाले सचिन झारिया ने कहा, “बैहर में काफी गमगीन माहौल है. उनके जितने भी बचपन के साथी हैं, जो उनके साथ खेले-कूदे, वह सभी लोग काफी शोक में हैं. और उनका यहां के लोगों से एक अलग जुड़ाव था. वह जब बैहर आते थे, तो लोग एक क्रिकेट टूर्नामेंट होता है, उस टूर्नामेंट में सम्मिलित होते थे, सभी से मिलते थे. आपको यहां किसी से फिल्मी हस्ती की तरह नहीं मिलते थे. एक सामान्य व्यक्ति की तरह हर किसी से मिलना, हर किसी से बहुत अच्छे उनके रिलेशन थे.”
बैहर के लोग दे रहे मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि
सचिन झारिया ने कहा,”और बालाघाट जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति है. क्योंकि उन्होंने बैहर जैसी छोटी जगह से बॉलीवुड तक का सफर तय किया था और बैहर-बालाघाट जिले का नाम वहां तक पहुंचाया था. तो यह निश्चित ही बहुत शोक का विषय है बैहर वालों के लिए. और आज गणेश विसर्जन होने के कारण उनको श्रद्धांजलि देने का जो एक कार्यक्रम का विचार किया जा रहा था, वह आज नहीं हो पा रहा है. लेकिन कल निश्चित ही सभी बैहरवासियों के द्वारा उनको एक श्रद्धांजलि ज़रूर दी जाएगी.”
रिपोर्ट- चितरंजन नर्कर
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से बतौर सीनियर सब एडिटर न्यूज18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. एक्सप्लेनर/नॉलेज डेस्क पर काम कर रहे हैं. समय-समय पर विधानसभा-लोकसभा चुनाव पर …
और पढ़ें