Last Updated:
राम चरण और जाह्नवी कपूर की स्पोर्ट्स ड्रामा ‘पेद्दी’ बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है. बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज दो दिनों में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 95 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है. दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर इस कदर दीवानगी है कि ‘पेद्दी’ ने कार्तिक आर्यन की ‘चंदू चैंपियन’ के लाइफटाइम कलेक्शन को सिर्फ 48 घंटों में पीछे छोड़ दिया है. फिल्म की कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
नई दिल्ली. ग्लोबल स्टार राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. यह स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म 4 जून को थिएटर्स में रिलीज हुई, जबकि इसके पेड प्रिव्यू शोज 3 जून को ही रख दिए गए थे. पहले ही दिन भारत में 50 करोड़ से ज्यादा की बंपर ओपनिंग लेकर शाहरुख खान की ‘पठान’ का रिकॉर्ड तोड़ने वाली इस फिल्म ने अब अपने दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा है.
कमाल की बात है कि दो दिनों में ही ‘पेद्दी’ घरेलू बाजार में 100 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच गई है. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘पेद्दी’ ने अपनी रिलीज के दूसरे दिन यानी शुक्रवार भारत में करीब 26.90 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया है.
इसी के साथ फिल्म ‘पेद्दी’ की कुल घरेलू कमाई अब 96.40 करोड़ रुपये हो गई है. दूसरे दिन देशभर के कुल 9929 शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 32.8 फीसीद दर्ज की गई. इस धमाकेदार कमाई की बदौलत पेद्दी ने कार्तिक आर्यन की स्पोर्ट्स बेस्ड फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लाइफटाइम कलेक्शन (63.57 करोड़ रुपये) को महज दो दिनों में ही पीछे छोड़ दिया है, जो फिल्म के जबरदस्त क्रेज को बयां करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘पेद्दी’ के दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े साफ गवाही देते हैं कि फिल्म की असली ताकत इसका ओरिजिनल वर्जन ही है. दूसरे दिन जहां फिल्म ने तेलुगु भाषा में 24.20 करोड़ की तगड़ी कमाई की, वहीं हिंदी शोज से इसके खाते में महज 2.02 करोड़ रुपये ही आ सके. फिल्म ने अपने पेड प्रीमियर शोज से ही धमाका कर दिया था, जिससे 18.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई.
इसके बाद ओपनिंग डे यानी गुरुवार को फिल्म को देशभर में 12412 शोज मिले, जिसमें 45.5 फीसदी की ऑक्यूपेंसी के साथ फिल्म ने 51 करोड़ का कलेक्शन किया. हालांकि, अब बॉक्स ऑफिस पर पेद्दी की का मुकाबला आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ से है, जिसने भारत में 167.46 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था.
राम चरण की पिछली फिल्मों से तुलना करें, तो ‘पेद्दी’ का प्रदर्शन उनकी पिछले साल रिलीज हुई ‘गेम चेंजर’ से कहीं बेहतर है, जिसने शुरुआती दो दिनों में भारत में 72.60 करोड़ का नेट बिजनेस किया था. हालांकि, यह मेगा ब्लॉकबस्टर ‘आरआरआर’ से काफी पीछे चल रही है, जिसने दो दिनों में 216.7 करोड़ का पहाड़ जैसा कलेक्शन खड़ा किया था.
इन सबके बीच बड़ी बात यह है कि सोलो रिलीज के मामले में ‘पेद्दी’ उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है. बुच्ची बाबू सना के निर्देशन और लेखन में बनी फिल्म पेद्दी का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारु ने किया है. वहीं, आईवीवाई एंटरटेनमेंट के ईशान सक्सेना इसके को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि मैथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स ने इसे प्रेजेंट किया है.
फिल्म की कहानी पेद्दी (राम चरण) नाम के एक ऐसे युवक की इंस्पायरिंग जर्नी है, जो खेलों के जरिए दुनिया में अपने गांव की पहचान बनाने का सपना देखता है. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे पेड्डी खुद को साबित करने के लिए क्रिकेट, कुश्ती और स्प्रिंटिंग जैसे अलग-अलग खेलों में अपनी किस्मत आजमाता है, जिसके बाद आखिरकार भारत सरकार तक उसकी आवाज पहुंचती है.
बता दें कि ‘पेद्दी’ में राम चरण के अलावा जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे सितारों ने काम किया है. उनके अलावा फिल्म में कन्नड़ सुपरस्टार शिवा राजकुमार और जगपति बाबू भी बेहद अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. अब देखना है कि पहले शनिवार को ‘पेद्दी’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखा पाती है.