भगवान श्री गणेश केवल प्रथम पूज्य ही नहीं, बल्कि अद्भुत और रोचक लीलाओं के स्वामी भी हैं। उनका जन्म किसी सामान्य प्रक्रिया से नहीं, बल्कि अयोनिज (बिना योनि के) माना गया है- चाहे वह माता पार्वती के पुण्यक व्रत का फल हो या अपनी सखी जया-विजया के परामर्श पर अपने उबटन (मैल) से रची गई दिव्य आकृति। आइए जानते हैं बप्पा के जीवन से जुड़े 5 ऐसे ही अनसुने और दिलचस्प किस्से।
क्रौंच गंधर्व से मूषक सवारी तक का सफर
गणपति बाप्पा का वाहन मूषक वास्तव में देवराज इंद्र की सभा का ‘क्रौंच’ नामक गंधर्व था। अपने एक दुष्कर्म के कारण वह श्रापित होकर विशालकाय मूषक बन गया और महर्षि पराशर के आश्रम में तबाही मचाने लगा। तब गणेश जी ने अपने पाश से उसे परास्त कर वश में किया और उसे अपना वाहन स्वीकार किया।
पुत्रों की ज़िद और संतोषी माता का प्राकट्य
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गणेश जी के पुत्र शुभ और लाभ ने अपने पिता से सहज सवाल किया, “हमारी कोई बहन क्यों नहीं है? हमें बहन कब मिलेगी?” बच्चों का यह निश्छल प्रेम देखकर गणेश जी ने अपनी दिव्य योगशक्ति से एक पुत्री को प्रकट किया, जिन्हें आज हम ‘संतोषी माता’ के नाम से पूजते हैं।
विष्णु जी के विवाह में जब विघ्नहर्ता ने ही डाल दिया विघ्न
भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी के विवाह के समय सभी देवताओं को निमंत्रण मिला, लेकिन गणेश जी को आमंत्रित नहीं किया गया। जब बारात निकली, तब गणेश जी ने अपनी मूषक सेना को आगे भेजकर पूरा मार्ग अंदर ही अंदर खोखला करवा दिया, जिससे रथ के पहिये धंस गए। जब देवताओं को अपनी भूल का अहसास हुआ और उन्होंने गणपति की स्तुति कर उन्हें प्रसन्न किया, तब जाकर विवाह निर्विघ्न संपन्न हो सका।
भाई कार्तिकेय के कंधा-से-कंधा मिलाकर लड़े युद्ध
अक्सर गणेश जी को शांत और बुद्धिमत्ता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन पौराणिक आख्यानों के अनुसार उन्होंने अपने भ्राता कार्तिकेय का कई भीषण धर्म-युद्धों में डटकर साथ दिया था और अधर्म के नाश में अहम भूमिका निभाई थी।
वेदव्यास जी से भी चतुर: महाभारत लेखन का अनूठा नियम
द्वापर युग में जब महर्षि वेदव्यास को महाभारत लिखने हेतु एक तीक्ष्ण बुद्धि वाले लेखक की आवश्यकता हुई, तो गणेश जी तैयार हुए। लेकिन शर्त रखी- “मेरी कलम एक क्षण के लिए भी रुकनी नहीं चाहिए।” इस पर व्यास जी ने भी प्रत्युत्पन्नमति दिखाते हुए शर्त जोड़ दी—”आप भी हर श्लोक का अर्थ पूरी तरह समझकर ही लिखेंगे।” जब भी व्यास जी को विश्राम की आवश्यकता होती, वे एक कठिन श्लोक बोल देते, जिसे समझने में गणेश जी को थोड़ा समय लग जाता और व्यास जी को सोचने की मोहलत मिल जाती।