नई दिल्ली. कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज से पहले मंगलवार को मेकर्स ने इसका दमदार ट्रेलर जारी किया, जिसमें कंगना एक समर्पित स्टाफ नर्स के किरदार में नजर आ रही हैं. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कंगना का किरदार घर में ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया जाता. यहां तक कि कई बार मरीज भी उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन जब आतंकवादी हमला होता है, तब वही नर्स अपनी सूझबूझ, हिम्मत और कर्तव्यनिष्ठा के दम पर सैकड़ों लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है. फिल्म में एक साधारण देखभाल करने वाली महिला के एक मजबूत और साहसी व्यक्तित्व में बदलने की कहानी दिखाई गई है. ट्रेलर यह संदेश देता है कि असली हीरो खुद को हीरो नहीं कहते, बल्कि जरूरत पड़ने पर सामने आकर अपना फर्ज निभाते हैं. ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.