Last Updated:
जैकी श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर अपने खास अंदाज से फैंस को पुरानी यादों में डुबा दिया है. जैकी श्रॉफ ने फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को उनके 76वें जन्मदिन पर एक शानदार वीडियो कोलाज शेयर कर बधाई दी. इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय संगीत के ‘वॉइस ऑफ गॉड’ कहे जाने वाले मशहूर सिंगर हेमंत कुमार को भी उनकी 106वीं जयंती पर याद किया. जानिए जैकी श्रॉफ के इस इमोशनल पोस्ट और मिथुन दा के शानदार फिल्मी सफर के बारे में पूरी खबर!
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर जैकी श्रॉफ फिल्मों से भले दूर हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. एक्टर अक्सर अपने पुराने दोस्तों और पुरानी यादों को ताजा करते रहते हैं. इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है, जिससे उनके फैंस का दिल खुश हो गया है.जैकी श्रॉफ ने फिल्म इंडस्ट्री के ‘डिस्को डांसर’ यानी मिथुन चक्रवर्ती को उनके जन्मदिन पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी है.
इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय संगीत के जादूगर हेमंत कुमार को भी उनकी जयंती पर याद कर फैंस को पुरानी यादों में डूबा दिया.
जैकी श्रॉफ
जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम पर मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हेमंत कुमार की एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की. इस तस्वीर के बैकग्राउंड में साल 1952 में आई सुपरहिट फिल्म ‘जाल’ का सदाबहार गाना ‘ये रात ये चांदनी’ चल रहा था. इस फिल्म में देव आनंद और गीता बाली मुख्य भूमिका में थे. जैकी ने इस पोस्ट के साथ बहुत ही सादगी से लिखा कि हेमंत कुमार जी को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं.
हेमंत कुमार अपने समय के एक ऐसे शानदार कलाकार थे, जो बंगाली और हिंदी दोनों ही तरह के गानों के लिए जाने जाते थे. उन्हें बेहतरीन गायकी के लिए दो बार नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. उनकी जादुई आवाज के कारण लोग उन्हें ‘वॉइस ऑफ गॉड’ यानी भगवान की आवाज भी कहते थे. साल 1989 में ढाका में एक शो से लौटने के बाद वे बीमार हो गए और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था.
मिथुन चक्रवर्ती को दी बधाई
हेमंत कुमार को याद करने के अलावा जैकी श्रॉफ ने मिथुन चक्रवर्ती के लिए भी एक खास पोस्ट शेयर किया. उन्होंने मिथुन दा की पुरानी और नई तस्वीरों को मिलाकर एक शानदार वीडियो कोलाज बनाया. इस वीडियो के बैकग्राउंड में मिथुन चक्रवर्ती का सबसे मशहूर गाना ‘आई एम ए डिस्को डांसर’ बज रहा था. जैकी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में सिर्फ एक लाल दिल वाला इमोजी बनाया, जो उनके बीच के गहरे प्यार और सम्मान को दिखाता है.
मिथुन दा का शानदार करियर
आज मिथुन चक्रवर्ती पूरे 76 साल के हो गए हैं और बॉलीवुड में उनका करियर 50 साल से भी ज्यादा लंबा रहा है. उन्होंने अपने करियर में करीब 350 फिल्मों में काम किया है. मिथुन दा ने साल 1976 में फिल्म ‘मृगया’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और अपनी पहली ही फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिल गया था.
इसके बाद उन्होंने ‘अग्निपथ’, ‘पति पत्नी और तवायफ’, ‘गुनाहों का देवता’, ‘रोटी की कीमत’, ‘त्रिनेत्र’, ‘शतरंज’, ‘तड़ीपार’, ‘जंग’, ‘कालिया’, ‘दादागिरी’, ‘गुरु’, ‘हाउसफुल 2’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों से लोगों के दिलों पर राज किया. हाल ही में मिथुन दा फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में नजर आए हैं, जिसका निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है. यह फिल्म इतिहास की कुछ सच्ची और गंभीर घटनाओं पर आधारित है.
About the Author
मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें