मुंबई। अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले की योजना टालने के ऐलान और भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदने को मिली छूट बढ़ाये…
मुनाफावसूली से गिरा शेयर बाजार, निवेशकों की दौलत ₹2 लाख करोड़ बढ़ी
|
मुंबई। अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले की योजना टालने के ऐलान और भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदने को मिली छूट बढ़ाये जाने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की चिंताएं बरकरार हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और रुपये में ऐतिहासिक गिरावट के माहौल में निवेशकों का बाजार पर भरोसा बनता नजर नहीं आ रहा। इस वजह से निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत पॉजिटिव नोट में हल्की बढ़त के साथ हुई। बॉन्ड यील्ड में नरमी, तेल की कीमतों में मामूली गिरावट और FII की लगातार खरीदारी से उत्साहित बाजार में सुबह के सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले। एक समय सेंसेक्स 400 प्वाइंट्स से ज्यादा उछल गया था और निफ्टी भी 23750 के पार पहुंच गया था। हालांकि फिर प्राइवेट सेक्टर के बैंकिंग शेयरों में बिकवाली और कारोबार के आखिरी एक घंटे में निवेशकों की मुनाफावसूली के दबाव में बाजार ऊपरी स्तर से फिसल गये और दोनों ही इंडेक्स लाल निशान में आ गए।
कारोबार के अंत में तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 114 अंक या 0.15 फीसदी गिरकर 75,200.85 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 32 अंक या 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 23,618 पर बंद हुआ। शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडेक्स में आई गिरावट के बावजूद स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में तेज़ी देखने को मिली और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.17 प्रतिशत की तेज़ी देखने को मिली, वहीं मिडकैप 100 भी 0.91 प्रतिशत की तेज़ी के साथ बंद हुआ। स्मॉल-कैप सेगमेंट ने बेहतर प्रदर्शन किया।
भारतीय रुपया हुआ कमजोर
इंट्रा-डे में आज सेंसेक्स 431.23 प्वाइंट्स उछलकर 75,746.27 तक ऊपर पहुंचा था, जिससे यह 630.28 प्वाइंट्स टूटकर 75,115.99 तक आ गया तो निफ्टी 50 भी 132.35 प्वाइंट्स चढ़कर 23,782.30 तक ऊपर चढ़ा था, जिससे यह 195.10 प्वाइंट्स गिरकर 23,587.20 तक आ गया था। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक जोखिम के सेंटीमेंट को लेकर लगातार बनी चिंताओं के बीच, मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.53 के एक नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
ट्रम्प द्वारा ईरान पर हमले योजना स्थगित करने की घोषणा से बात कच्चे तेल में आज करीब दो फीसदी की गिरावट आयी है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 1.80 फीसदी की गिरावट के साथ 110 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर मार्केट में उतार चढ़ाव के बीच निवेशकों की दौलत में ₹2 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ।
166 शेयरों में नहीं हुआ कोई बदलाव
सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,57,39,449.28 करोड़ था। मंगलवार को मार्केट की उठा-पटक में यह ₹ 4,59,54,284.79 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी ₹2,14,835.51 करोड़ बढ़ गई है। स्टाक मार्केट में बीएसई पर आज 4352 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2590 शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 1596 में गिरावट रही। इसके अलावा 166 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। जबकि 91 शेयर एक साल के हाई और 33 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए, वहीं 11 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 9 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
शेयर मार्केट में सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से सिर्फ 12 आज हरे निशान में बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी आज इंफोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा में रही। वहीं दूसरी तरफ आज सबसे अधिक गिरावट कोटक बैंक, टाइटन और अल्ट्राटेक सीमेंट में रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-is-planning-a-massive-plan-to-send-trump-and-netanyahu-to-hell/206228