Last Updated:
Morning vs Evening Walk Benefits: मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक दोनों ही स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं. सुबह की वॉक एनर्जी और ताजगी देती है, जबकि शाम की वॉक तनाव कम करने और पाचन सुधारने में मदद कर सकती है. एक्सपर्ट्स की मानें तो लोगों को हर दिन वॉक जरूर करनी चाहिए. सुबह हो या शाम, किसी भी वक्त वॉक करना फायदेमंद ही होता है.
वॉक सुबह करें या शाम को, इससे सेहत को फायदा ही होता है.
Benefits of Morning and Evening Walk: वॉकिंग को सबसे आसान और फायदेमंद एक्सरसाइज माना जाता है. इसके लिए आपको जिम जाने की जरूरत नहीं है और न ही कोई खास जगह की जरूरत है. आप कहीं भी वॉक कर सकते हैं. रोज कुछ देर टहलने से न सिर्फ शरीर एक्टिव रहता है, बल्कि हार्ट हेल्थ बेहतर होती है. वॉक करने से वजन कंट्रोल होता है और मेंटल हेल्थ भी बूस्ट होती है. हालांकि कई लोगों के मन में एक सवाल अक्सर रहता है कि मॉर्निंग वॉक ज्यादा फायदेमंद है या ईवनिंग वॉक? आखिर बेहतर स्वास्थ्य के लिए किस समय टहलना चाहिए? इस बारे में फिटनेस एक्सपर्ट से जान लेते हैं.
नोएडा की फोर्टियर फिटनेस एकेडमी के ट्रेनर देव सिंह ने News18 को बताया सुबह और शाम किसी भी वक्त वॉक करेंगे, तो सेहत को फायदा मिलेगा. मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के अपने-अपने फायदे हैं. आपके लिए कौन सा समय बेहतर है, यह आपके रूटीन, हेल्थ कंडीशन और फिटनेस गोल पर निर्भर करता है. सुबह वॉक करने से आपको एनर्जी मिलती है और ब्लड फ्लो बेहतर हो जाता है. इससे व्यक्ति पूरे दिन ज्यादा एक्टिव महसूस करता है. सुबह की धूप भी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है. सूरज की हल्की किरणों से शरीर को विटामिन D मिलता है, जो हड्डियों, इम्यून सिस्टम और ओवरऑल हेल्थ के लिए जरूरी है. इसके अलावा मॉर्निंग वॉक तनाव कम करने और मूड बेहतर बनाने में भी मदद कर सकती है.
फिटनेस एक्सपर्ट के मुताबिक जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए सुबह नियमित वॉक करना फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि इससे दिनभर की शारीरिक गतिविधि की अच्छी शुरुआत हो जाती है. अगर सुबह वॉक के लिए समय निकालना मुश्किल होता है, तो शाम की वॉक भी एक बेहतरीन विकल्प है. दिनभर काम करने के बाद टहलना तनाव कम करने और मानसिक थकान दूर करने में मदद कर सकता है. शाम के समय शरीर का तापमान और मसल्स फ्लेक्सिबिलिटी अपेक्षाकृत बेहतर होती है. ऐसे में कुछ लोगों को इस समय चलना ज्यादा आरामदायक लग सकता है. इसके अलावा रात में डिनर के बाद हल्की वॉक पाचन को बेहतर बनाने और ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद कर सकती है. जो लोग पूरे दिन ऑफिस में बैठे रहते हैं, उनके लिए ईवनिंग वॉक शरीर को फिर से सक्रिय करने का अच्छा तरीका हो सकता है.
वजन घटाने की बात करें तो सुबह और शाम दोनों समय की वॉक फायदेमंद हो सकती है. अगर आप रोज 30 से 45 मिनट ब्रिस्क वॉक करते हैं, तो आपको ज्यादा फायदा मिलेगा. जो समय आपके लिए नियमित रूप से संभव हो, वही सबसे बेहतर समय है. अनियमित मॉर्निंग वॉक से बेहतर है कि आप रोज शाम को वॉक करें. खाने के बाद की हल्की वॉक ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद कर सकती है. डायबिटीज वाले लोगों के लिए ईवनिंग वॉक विशेष रूप से फायदेमंद मानी जाती है. मॉर्निंग वॉक हार्ट हेल्थ, ब्लड फ्लो और ओवरऑल फिटनेस को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है. अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो वॉक करने से पहले डॉक्टर की सलाह लें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें