बॉलीवुड गानों के पीछे के किस्से अक्सर फिल्मों से भी ज्यादा दिलचस्प होते हैं. ऐसा ही एक अनोखा किस्सा फिल्म 3 इडियट्स के सुपरहिट गाने ऑल इज़ वेल का है, जिसे रिकॉर्ड करने के लिए सिंगर्स को आधी रात को असली शराब पिलाई गई थी. इस मजेदार वाकये का खुलासा खुद संगीतकार शांतनु मोइत्रा ने किया था. उन्होंने बताया कि गाने के एक सीन में जहाँ कलाकार हॉस्टल की छत पर शराब पीकर गाते हैं, उसमें असली नशे वाला फील नहीं आ पा रहा था क्योंकि सिंगर सोनू निगम और शान बहुत सलीके से गा रहे थे. इसे परफेक्ट बनाने के लिए डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और शांतनु ने रात के 1 बजे रिकॉर्डिंग रोककर स्टूडियो में असली शराब मंगवाई और सिंगर्स से कहा कि वे हॉस्टल के लड़कों की तरह गाएं. शराब के दो-तीन पेग अंदर जाते ही सोनू निगम मूड में आकर अपनी शर्ट उतारकर झूमने लगे और शांत रहने वाले शान कुर्सियों पर चढ़कर हंसने-गाने लगे. मजे की बात यह रही कि शांतनु ने रिकॉर्डिंग चालू रखी और दोनों ने नशे में जो ऊटपटांग हरकतें और अजीब आवाजें निकालीं, उन्हें गाने में वैसे का वैसा ही रख लिया गया, जिससे यह गाना हमेशा के लिए इतिहास बन गया.