नई दिल्ली. फिल्म ‘अनजाना सफर’ में बिस्वजीत और रेखा के बीच विवादित किसिंग सीन आज भी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय है. अब इस मामले पर एक्टर की बेटी पल्लवी चटर्जी ने खुलकर बात की है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उस समय जो कुछ भी हुआ, वह बिल्कुल गलत था. पल्लवी का मानना है कि 15 साल की लड़की के साथ ऐसा कुछ करना बेहद परेशान करने वाला है और बिना सहमति के ऐसा सीन बिल्कुल नहीं होना चाहिए था. यह पूरा मामला लेखक यासिर उस्मान की किताब ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी’ में विस्तार से बताया गया है.
जर्नलिस्ट विक्की लालवानी से बातचीत में पल्लवी ने इस पूरे मामले की गहराई में जाते हुए बताया कि उस जमाने के फिल्ममेकर्स का काम करने का तरीका कैसा था. उन्होंने कहा कि अक्सर डायरेक्टर्स कैमरे पर सितारों का असली रिएक्शन कैप्चर करने के लिए उनसे बातें छुपाया करते थे. पल्लवी ने कहा, ‘उस दौर में कुछ ऐसे डायरेक्टर्स थे जो सीन के बारे में एक एक्टर को तो सब बता देते थे, लेकिन दूसरे को पूरी जानकारी नहीं देते थे क्योंकि उन्हें ऑन कैमरा एक खास रिएक्शन चाहिए होता था. मुझे लगता है कि अगर ऐसा कोई वाकया हुआ है, जहां पूरी यूनिट के सामने कोई किसी को कई मिनट तक किस करता रहा, तो यह बिना डायरेक्टर की मर्जी या मंजूरी के हो ही नहीं सकता. मुमकिन है कि डायरेक्टर ने ही कहा हो कि मुझे यही शॉट चाहिए. वैसे भी, उस दौर में फिल्मों में किसिंग सीन आम बात नहीं थी और न ही समाज में इसे आसानी से स्वीकार किया जाता था.’
रेखा के लिए बहुत तकलीफदेह रहा होगा अनुभव
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उस वक्त रेखा की उम्र बहुत कम थी, जिसने इस कड़वे अनुभव को और भी ज्यादा तकलीफदेह बना दिया होगा. उन्होंने कहा, ‘वह उस समय बच्ची जैसी थीं. अगर बिना कुछ बताए आपके साथ ऐसा कुछ हो जाए, तो आप क्या ही कर सकती हैं? जब आप छोटे होते हैं और आपके साथ कुछ गलत हो रहा होता है, तो अक्सर आप बोलने में भी झिझक महसूस करते हैं. वह दौर भी आज से बहुत अलग था. अगर आपसे कोई बहुत बड़ा स्टार ऐसी हरकत कर रहा हो, तो आपके पास विरोध करने की हिम्मत ही कहां होती है?”
दोनों परिवारों के बीच था करीबी रिश्ता
पल्लवी ने एक और चौंकाने वाली बात बताई कि दोनों परिवारों के बीच काफी करीबी रिश्ते थे. उनके मुताबिक, इसी वजह से रेखा को और भी ज्यादा धक्का लगा होगा. पल्लवी ने याद करते हुए कहा, ‘रेखा हमारे घर आया करती थीं और हम बचपन में साथ खेला करते थे. हमारे परिवार एक-दूसरे के बेहद करीब थे. शायद उनके लिए यह सब और भी ज्यादा दुखद इसलिए था क्योंकि एक पारिवारिक जुड़ाव था. जब आप किसी को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और फिर वही इंसान ऐसा कुछ कर दे, तो वह वाकई दिल तोड़ने वाला होता है.’
पिता ने कभी किसी हीरोइन के साथ नहीं किया गलत
भले ही पल्लवी ने अपने पिता की साख और महिलाओं के प्रति उनके बर्ताव का बचाव किया, लेकिन उनका यह भी मानना है कि इस पूरे मामले के लिए सिर्फ उनके पिता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. पल्लवी ने कहा, ‘मेरे पापा ने अपने पूरे करियर में कई एक्ट्रेसेस के साथ काम किया, लेकिन कभी किसी ने उनके बारे में ऐसी कोई शिकायत नहीं की. वह हमेशा महिलाओं का बहुत सम्मान करते थे. अगर कोई महिला कमरे में आती, तो वह उनके सम्मान में खड़े हो जाते थे. इसलिए मुझे नहीं लगता कि जो कुछ भी हुआ, उसमें सिर्फ मेरे पापा की ही मर्जी शामिल थी.’
रेखा के साथ यकीनन गलत हुआ था
उन्होंने आगे अंदाजा लगाते हुए कहा कि शायद यह सीन डायरेक्टर के कहने पर ही किया गया था. पल्लवी बोलीं, ‘मुझे निजी तौर पर लगता है कि किसी ने उनसे जरूर कहा होगा कि आप ऐसा करिए, मुझे इसी तरह के फुटेज की जरूरत है. वरना पापा ने इतनी सारी हिट फिल्में कीं, कभी किसी और फिल्म में ऐसा कुछ सुनने को नहीं मिला.’ इसके साथ ही पल्लवी ने यह भी साफ कर दिया कि वह उस घटना को सही नहीं ठहरा रही हैं. उन्होंने कहा, ‘जो हुआ वो यकीनन गलत था. चाहे वह मेरे पिता ने किया हो या किसी और ने, उसे सही नहीं कहा जा सकता. उन्हें या तो यह सीन करने से मना कर देना चाहिए था या फिर पहले रेखा की सहमति लेनी चाहिए थी. रेखा इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं, और जाहिर है कि किसी 15-16 साल की लड़की के लिए यह सब बेहद चौंकाने वाला और डरावना रहा होगा.’
महबूब स्टूडियो में हुआ था रोमांटिक सीन
क्या है रेखा-बिस्वजीत का किसिंग सीन विवाद?
किताब के अनुसार, ‘जैसे ही डायरेक्टर ने एक्शन बोला, बिस्वजीत ने रेखा को अपनी बाहों में भर लिया और उन्हें किस करना शुरू कर दिया. रेखा सन्न रह गई थीं, क्योंकि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी. कैमरा चलता रहा, न तो डायरेक्टर कट बोल रहे थे और न ही बिस्वजीत उन्हें छोड़ रहे थे.’ बताया जाता है कि यह किस सीन करीब पांच मिनट तक चला. इस दौरान फिल्म यूनिट के लोग तालियां और सीटियां बजा रहे थे, जिससे रेखा इतनी आहत हुईं कि उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे.