Last Updated:
Benefits of Rainbow Diet: रेनबो डाइट में विभिन्न रंगों के फल और सब्जियों को शामिल किया जाता है, जिससे शरीर को कई तरह के विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट मिलते हैं. यह डाइट डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को मैनेज करने में मददगार हो सकती है. इस डाइट का सेवन करना बच्चों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
रेनबो डाइट में कई रंगों की फल और सब्जियां होती हैं, जिनमें पोषक तत्वों की भरमार होती है.
Rainbow Diet Health Benefits: खानपान को लेकर लोगों के बीच जागरुकता बढ़ रही है. अब लोग हेल्दी फूड्स का रुख कर रहे हैं और अनहेल्दी फूड्स को अवॉइड कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी कई तरह की डाइट ट्रेंड में रहती हैं. इनमें से एक रेनबो डाइट भी है, जिसकी खूब चर्चा होती रहती है. अक्सर लोग इसका नाम सुनकर कंफ्यूज हो जाते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो रेनबो डाइट का मतलब है अपनी थाली में अलग-अलग रंगों के फल और सब्जियों को शामिल करना. हर रंग के खाद्य पदार्थ में अलग तरह के विटामिन, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट और फाइटोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं. जितने ज्यादा रंगों की फल-सब्जियां आपकी प्लेट में होंगी, उतने ही पोषक तत्व शरीर को मिल सकते हैं.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया रेनबो डाइट में लाल, नारंगी, पीले, हरे, नीले, बैंगनी और सफेद रंग के फल-सब्जियां शामिल की जाती हैं. उदाहरण के लिए टमाटर, तरबूज और अनार लाल रंग की श्रेणी में आते हैं. गाजर, संतरा और कद्दू नारंगी रंग के खाद्य पदार्थ हैं. पालक, ब्रोकोली और हरी सब्जियां हरे रंग की श्रेणी में आती हैं. वहीं बैंगन, जामुन और ब्लूबेरी जैसे खाद्य पदार्थ बैंगनी रंग का प्रतिनिधित्व करते हैं. हर रंग शरीर को अलग-अलग पोषण प्रदान करता है. इस डाइट को बच्चों की ग्रोथ के लिए सबसे बेहतर माना जाता है.
यह डायबिटीज-बीपी में फायदेमंद
डाइटिशियन ने बताया कि रेनबो डाइट में शामिल फल और सब्जियां फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं. फाइबर से भरपूर फूड्स पाचन को धीमा कर सकते हैं, जिससे ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा रंग-बिरंगे फल और सब्जियां पोटैशियम, मैग्नीशियम और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हो सकते हैं. ये तत्व शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करने और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं. हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर और कई प्रकार के फल हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाने में असरदार माने जाते हैं.
शरीर को मिलते हैं कई फायदे
एक्सपर्ट की मानें तो रेनबो डाइट केवल डायबिटीज और बीपी कंट्रोल करने तक ही सीमित नहीं है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं. यह इम्यूनिटी को मजबूत बनाने, स्किन हेल्थ सुधारने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक हो सकती है. डेली डाइट में अलग-अलग रंगों के फल और सब्जियां खाने से शरीर को संतुलित पोषण मिलता है. रेनबो डाइट का मतलब केवल रंगीन फूड्स खाना नहीं है, बल्कि ज्यादा से ज्यादा पोषक तत्व प्राप्त करना है. अगर आपको डायबिटीज, हाई बीपी या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें