Last Updated:
दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को लोग आज सालों बाद भी भूल नहीं पाए हैं. इडंस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस सोनम खान ने भी उनकी याद में एक पोस्ट शेयर की है, इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि वह भावुक हो गईं. सोनम ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए श्रीदेवी से जुड़ी कई अनसुनी यादें शेयर कीं. उन्होंने बताया कि पर्दे पर रानी जैसी दिखने वाली श्रीदेवी असल जिंदगी में बेहद मासूम, चुलबुली और बच्चों जैसी शख्सियत थीं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस सोनम खान ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को याद करते हुए उनसे जुड़ी कई खूबसूरत यादें शेयर की हैं. सोनम ने बताया कि दुनिया जिस श्रीदेवी को एक बड़ी स्टार और ‘क्वीन’ के रूप में जानती थी, उनके अंदर एक बेहद मासूम, चुलबुली और बच्चों जैसी शख्सियत भी थी.
सोनम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की, जिसमें वह श्रीदेवी, चंकी पांडे और अमरीश पुरी के साथ नजर आ रही हैं. इस तस्वीर के साथ उन्होंने लंबा नोट लिखकर अपनी दोस्ती और यादों को साझा किया.
सोनम ने श्रीदेवी संग अपनी पोस्ट शेयर कर बताया है कि उनकी पहली मुलाकात फिल्म ‘नाकाबंदी’ के मुहूर्त पर हुई थी. उस वक्त श्रीदेवी काफी शांत और रिजर्व रहती थीं. बाद में जब फिल्म ‘चांदनी’ का प्रीमियर हुआ, तब इंडस्ट्री में फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं थीं. लेकिन सोनम को फिल्म में श्रीदेवी का काम बेहद पसंद आया. अगले ही दिन उन्होंने श्रीदेवी को ढेर सारे फूल भेजे और एक नोट लिखा – ‘रानी तो रानी ही होती है’.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सोनम के मुताबिक, बाद में यश चोपड़ा ने उन्हें बताया कि श्रीदेवी ने उन फूलों को देखकर कहा था कि फूल इतने ज्यादा थे कि कमरे की छत तक पहुंच रहे थे. यह बात सुनकर सोनम बेहद खुश हुई थीं. उन्होंने कहा कि श्रीदेवी ने कभी यह बात नहीं भुलाई और उन्होंने यश चोपड़ा से कहा था कि इंडस्ट्री में सिर्फ सोनम ही ऐसी अभिनेत्री थीं जिन्होंने उन्हें फूल भेजे थे.
सोनम ने आगे बताया कि जब दोनों की मुलाकात फिर से ‘नाकाबंदी’ की पैचवर्क शूटिंग के दौरान हुई, तो श्रीदेवी ने उन फूलों के लिए उनका शुक्रिया अदा किया. वहीं से दोनों के बीच दोस्ती की शुरुआत हुई. उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे श्रीदेवी का अलग ही रूप उनके सामने आया. वह शरारती अंदाज में बातें करतीं, हंसतीं और बिल्कुल किसी स्कूल की लड़की जैसी लगती थीं.
सोनम को आज भी साल 1990 की वह फ्लाइट याद है, जब अमिताभ बच्चन के एक शो के बाद दोनों न्यूयॉर्क से मुंबई लौट रहे थे. उस दौरान श्रीदेवी ने घंटों उनसे बातें की थीं. उस सफर में उन्होंने एक ऐसी श्रीदेवी को देखा था, जो बेहद सच्ची, मजाकिया और दिल की साफ इंसान थीं.
सोनम ने भावुक होते हुए लिखा कि श्रीदेवी बहुत जल्दी इस दुनिया को छोड़कर चली गईं, लेकिन उन्हें उनके दोनों रूप देखने का मौका मिला – एक वो जिसे पूरी दुनिया पूजती थी, और दूसरा वो जो बस खुलकर हंसना चाहती थी.
अपने नोट के अंत में सोनम ने लिखा, ‘एक क्वीन की जगह कोई और ले सकता है, लेकिन श्रीदेवी की जगह कभी कोई नहीं ले सकता. मेरे लिए वह हमेशा और हमेशा के लिए एक ही रहेंगी – द श्रीदेवी.बता दें कि श्रीदेवी का 24 फरवरी 2018 को दुबई में निधन हो गया था. जांच में उनकी मौत का कारण होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबना बताया गया था.