Last Updated:
दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित 24 एचएस फिटनेस जिम के बाहर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बाइक सवार युवकों ने जिम के बाहर सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद एक फेसबुक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए आरोपी ने बताया है कि इस घटना को क्यों उन्होंने अंजाम दिया.
पश्चिम दिल्ली स्थित गुरु रंधावा की जिम के बाहर फायरिंग का केस सामने आया है.
नई दिल्ली. दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे बाइक पर सवार दो युवक पश्चिम विहार स्थित 24 एचएस फिटनेस जिम के बाहर पहुंचे और कथित तौर पर सात राउंड गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई, जबकि स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.
घटना के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित यूएसए के नाम से एक कथित पोस्ट वायरल हो रही है. इस पोस्ट में दावा किया गया है कि 24 एचएस फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली है और जिम को पंजाबी गायक गुरु रंधावा का बताया गया है. पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि कथित तौर पर सलमान खान से नजदीकियों के चलते इस जिम को निशाना बनाया गया.
पोस्ट में क्या किया है दावा?
वायरल हो रहे पोस्ट में लिखा है- ‘जय महाकाल…जय श्री राम. राम राम सभी भाईयों को. जो आज ये 24 एचएस फिटनेस दिल्ली गुरु रंधावा की जिम पर जो फायरिंग गुई है वो मैंने अनिल पंडित यूएसए और लॉरेंस विश्नोई ग्रुप ने की है. ये सलमान खान के कुछ ज्यादा ही करीब हो रहा था. इसको पहले भी समझाया था कि इससे दूस रहो. ये हमारा दुश्मन है लेकिन इसको समझ नहीं आई और जितने भी हमारे दुश्मन हैं वो किसी भी रोने में छुप जाए जल्दी ही सबसे मुलाकात होगी. वेट एंज वॉच’.
इस पोस्ट से साथ आगे नोट लिखा है- और जीतने भी ये देशद्रोही हैं जो देश के खिलाफ साजिश रचते हैं, दुनिया के किसी भी कोने में छुप जाना वहीं पर ही मारेगे.
सोशल मीडिया पर ये पोस्ट वायरल हो रहा है.
‘गुरु रंधावा से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया’
हालांकि, आउटर दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक जिम का गुरु रंधावा से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह जिम टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जिम किसी फ्रेंचाइजी मॉडल के तहत संचालित हो रही थी या नहीं. इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इसका किसी सेलिब्रिटी या ब्रांड से कोई संबंध था या नहीं.
जिम के शीशे में लगी गोली, कोई घायल नहीं
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार दो युवक पश्चिम विहार स्थित 24 एचएस फिटनेस जिम के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए. गोलियां जिम के शीशे पर लगीं, लेकिन घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. अब तक की जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर फायरिंग हुई, वह सीधे सीसीटीवी कवरेज में नहीं था. हालांकि, आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
About the Author
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें