Last Updated:
अपनी कॉमेडी से सबको हंसाने वाले साउथ सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन का बचपन भयानक गरीबी में बीता. स्कूल के दिनों में वह फटे कपड़े पहनने और पुरानी किताबों से पढ़ने को मजबूर थे. लेकिन अपनी बेमिसाल मिमिक्री और कमाल की कॉमिक टाइमिंग के दम पर उन्होंने 1000 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, जिसके लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है. कभी तंगहाली से जूझने वाला यह कलाकार आज 500 करोड़ का मालिक है और अमीरी में रजनीकांत, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर जैसे सुपरस्टार्स को भी पीछे छोड़ चुका है.
नई दिल्ली. तेलुगु सिनेमा के कॉमेडी किंग ब्रह्मानंदम आज भारतीय सिनेमा का एक ऐसा जाना-पहचाना चेहरा हैं. बहुत कम लोगों को पता होगा कि पर्दे पर सबको हंसाने वाले इस दिग्गज एक्टर का बचपन बेहद गरीबी और तंगहाली में बीता. उनका शुरुआती जीवन चकाचौंध और ग्लैमर की इस फिल्मी दुनिया से कोसों दूर था. उन्होंने बचपन में जिन हालातों का सामना किया, उसकी वजह से उनका शुरुआती सफर संघर्षों की एक बेहद भावुक कहानी बयां करता है.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को दिए अपने एक पुराने इंटरव्यू में ब्रह्मानंदम ने अपने परिवार की बदहाली और आर्थिक तंगी के दिनों को याद किया था. उन्होंने बताया कि स्कूल के दिनों में वह अक्सर फटे हुए कपड़े पहनकर जाने को मजबूर थे, जिसके चलते उन्हें अपने दोस्तों के सामने बहुत शर्मिंदगी झेलनी पड़ती थी, क्योंकि उनके साथ पढ़ने वाले बाकी बच्चे काफी अच्छे और अमीर परिवारों से आते थे.
ब्रह्मानंदम ने आगे बताया कि उनके पिता के पास नई किताबें खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे, इसलिए वह हर नए साल पुरानी और सेकंड हैंड किताबों का जुगाड़ करते थे. उनका पूरा बचपन पैसों की भारी किल्लत के बीच गुजरा. एक्टर के मुताबिक, उनके परिवार ने जिस स्तर की भयानक गरीबी देखी है, आज के दौर में आम लोगों के लिए उसकी कल्पना करना भी बेहद मुश्किल होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्मों की चकाचौंध दुनिया में कदम रखने से पहले ब्रह्मानंदम आंध्र प्रदेश के एक कॉलेज में तेलुगु लेक्चरर के तौर पर काम करते थे. पढ़ाने के साथ-साथ उन्हें मिमिक्री करने का भी बड़ा शौक था और वे अक्सर स्टेज शोज में हिस्सा लिया करते थे. उनकी कमाल की कॉमेडी और मिमिक्री ने जल्द ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
थिएटर से शुरू हुआ उनका यह शौक धीरे-धीरे रंग लाया और उनके लिए टेलीविजन के दरवाजे खुल गए. साल 1985 में उन्होंने टीवी पर अपना डेब्यू किया और इसके ठीक दो साल बाद यानी 1987 में उन्होंने तेलुगु सिनेमा में कदम रखा, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.
पिछले कुछ दशकों में ब्रह्मानंदम ने 1000 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है, जो दुनिया भर के सितारों के लिए एक मिसाल है. उनके इसी बेमिसाल काम की बदौलत उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ. साल 2012 में उन्हें पर्दे पर सबसे ज्यादा बार दिखने के लिए इस खास सम्मान से नवाजा गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आज ब्रह्मानंदम करीब 500 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं. ताज्जुब की बात यह है कि उनकी यह कुल नेटवर्थ फिल्म इंडस्ट्री के कई सुपरस्टार्स से भी कहीं ज्यादा बताई जाती है. इस मामले में उन्होंने रजनीकांत (450 करोड़), अल्लू अर्जुन (460 करोड़) और जूनियर एनटीआर (450 करोड़) जैसे साउथ सिनेमा के सबसे महंगे और टॉप लीडिंग एक्टर्स को भी पीछे छोड़ दिया है.