Last Updated:
मेरठ सहित पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच त्वचा संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. ऐसे में त्वचा विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और सही स्किन केयर रूटीन अपनाने की सलाह दी है. पर्याप्त हाइड्रेशन, सनस्क्रीन का उपयोग और धूप से बचाव जैसे आसान उपाय अपनाकर गर्मी के दुष्प्रभावों से त्वचा को सुरक्षित रखा जा सकता है.
Summer Skin Care Tips: मेरठ सहित पूरे देश में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. मेरठ में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच 25 मई 2026 से ‘नौतपा’ की शुरुआत होने जा रही है, जिसके कारण गर्मी और धूप का स्तर और भी ज्यादा खतरनाक हो जाएगा.
इस चिलचिलाती धूप का सबसे सीधा और बुरा असर हमारी त्वचा पर पड़ता है, जिससे स्किन इन्फेक्शन और त्वचा झुलसने के मामले बढ़ जाते हैं. इन समस्याओं को देखते हुए मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमरजीत सिंह वर्मा ने गर्मी में त्वचा की देखभाल के लिए कुछ बेहद महत्वपूर्ण और असरदार तरीके बताए हैं.
डॉ. अमरजीत सिंह वर्मा के अनुसार, गर्मी के मौसम में त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए शरीर में नमी का होना सबसे जरूरी है. इसलिए नियमित रूप से भरपूर पानी पीते रहें, क्योंकि पानी आपकी त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखता है और ग्लो बनाए रखता है. इसके साथ ही, दोपहर 12:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे के बीच बहुत जरूरी काम न होने पर धूप में बाहर निकलने से परहेज करें. अगर बाहर जाना ही पड़े, तो निकलने से पहले त्वचा पर मॉइश्चराइजर के साथ ही सनस्क्रीन का उपयोग आवश्यक रूप से करें. यह इस मौसम में आपकी त्वचा के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है और उसे झुलसने से बचाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
धूप के सीधे संपर्क से बचने के लिए जब भी किसी काम से बाहर जाएं, तो हमेशा फुल बाजू के कपड़े ही पहनें ताकि आपकी स्किन कवर रहे. इसके अलावा, आंखों और उसके आस-पास की संवेदनशील त्वचा को बचाने के लिए चश्मा जरूर लगाएं. जब आप बाहर का काम खत्म करके घर वापस आएं, तो सबसे पहले साफ और ठंडे पानी से अपने चेहरे को अच्छी तरह धोएं. इससे त्वचा पर जमी धूल-मिट्टी और पसीना साफ हो जाता है और स्किन पोर्स बंद नहीं होते.
इस मौसम में सुंदर और स्वस्थ त्वचा के लिए अपने खान-पान में भी बदलाव करना जरूरी है. बाहर का तला-भुना और ज्यादा ऑयली खाना खाने से बिल्कुल बचें, क्योंकि यह भोजन आपकी त्वचा को और भी ज्यादा तैलीय बना देता है, जिससे मुंहासे और अन्य दिक्कतें बढ़ जाती हैं. इसके अलावा, गर्मी के दिनों में मेकअप करते समय विशेष सावधानी बरतें. इस मौसम में केमिकल आधारित हैवी मेकअप का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, क्योंकि पसीने के साथ मिलकर ये केमिकल त्वचा को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
गर्मी और अत्यधिक पसीने के कारण इस मौसम में त्वचा पर फंगल इन्फेक्शन, खुजली और गंभीर एलर्जी होने का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. डॉ. वर्मा ने चेतावनी दी है कि अगर आपकी त्वचा में किसी भी प्रकार का फंगस, लाल धब्बे या खुजली जैसी समस्या दिखाई दे, तो इसे मामूली समझकर नजरअंदाज न करें और न ही खुद से कोई दवा लगाएं. ऐसी स्थिति में तुरंत किसी एक्सपर्ट डॉक्टर से संपर्क कर सही सलाह लें, ताकि बीमारी को शुरुआत में ही ठीक किया जा सके.