Last Updated:
बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ पर्दे पर भले ही अपने ग्लैमरस अंदाज से सबका दिल जीतती हों, लेकिन भूख लगते ही उनका मिजाज बदल जाता है. समय पर खाना न मिले तो घर में खूब शोर मचता है. इसका खुलासा उनके माता-पिता ने माधुरी दीक्षित के शो में किया. इतना ही नहीं, शरवरी के पिता ने उनकी ऐसी मजेदार मिमिक्री की कि माधुरी भी हंसते-हंसते लोटपोट हो गईं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ अपनी खूबसूरती और शानदार एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं. पर्दे पर उनका अंदाज भले ही काफी शांत और ग्लैमरस नजर आता हो, लेकिन असल जिंदगी में भूख लगने पर उनका मिजाज बिल्कुल बदल जाता है. अगर उन्हें समय पर खाना न मिले, तो घर में उनकी आवाज गूंजने लगती है. इस बात का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उनके माता-पिता ने किया है. इतना ही नहीं, शो में उनके पिता ने शरवरी की ऐसी मजेदार नकल उतारी कि वहां मौजूद माधुरी दीक्षित भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं.
दरअसल, शरवरी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इस फिल्म में वह आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी. फिल्म के प्रचार के सिलसिले में शरवरी अपने माता-पिता के साथ माधुरी दीक्षित के क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में पहुंचीं. यहां बातचीत के दौरान उनकी एक ऐसी आदत सामने आई, जिसे सुनकर हर कोई मुस्कुराने लगा.
शो में माधुरी ने शरवरी से पूछा कि उन्हें किन बातों पर सबसे ज्यादा गुस्सा आता है. इस पर अभिनेत्री ने बताया कि जब उन्हें भूख लगती है और समय पर खाना नहीं मिलता, तो वह काफी चिड़चिड़ी हो जाती हैं. उन्होंने अपनी इस हालत को ‘हैंग्री’ बताया. यानी भूख के साथ गुस्सा भी आने लगता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद माधुरी ने शरवरी की मां से पूछा कि घर में जब बेटी को भूख लगती है, तो उसका क्या हाल होता है. इस पर उनकी मां ने हंसते हुए बताया कि उस समय घर में खूब शोर-शराबा होने लगता है. माधुरी ने भी मजाक में पूछा कि क्या शरवरी गुस्से में पूरा घर सिर पर उठा लेती हैं? उनकी मां ने भी हां में जवाब दिया.
बात यहीं खत्म नहीं हुई. शरवरी के पिता ने तो मौके का फायदा उठाते हुए बेटी की मिमिक्री ही शुरू कर दी. उन्होंने शरवरी के अंदाज में आवाज लगाते हुए कहा, ‘बंसी, खाना लाओ!’ पिता को अपनी नकल करते देख शरवरी हंसने लगीं और उन्हें ऐसा करने से रोकते हुए बोलीं, ‘पापा, प्लीज ऐसा मत कीजिए.’ यह देखकर माधुरी भी ठहाके लगाने लगीं. उन्होंने मजाक में कहा कि बंसी तो शरवरी से काफी डरता होगा.
शो के दौरान शरवरी की खाने-पीने की आदतों पर भी चर्चा हुई. माधुरी ने उनसे उनकी डाइट के बारे में सवाल किया. इस पर अभिनेत्री ने बताया कि वह अपनी फिटनेस और खानपान का ध्यान रखती हैं, लेकिन पसंदीदा खाने से दूरी बनाकर रखना उनके लिए भी आसान नहीं है.
शरवरी के मुताबिक, वह करीब 80 प्रतिशत समय अपनी डाइट को फॉलो करती हैं और बाकी 20 प्रतिशत समय अपनी पसंद का खाना खाने के लिए रखती हैं. शूटिंग के दिनों में वह खाने को लेकर काफी अनुशासन रखती हैं, लेकिन जैसे ही काम से ब्रेक मिलता है, वह अपनी पसंद की चीजें खाने का पूरा मजा लेती हैं.