नई दिल्ली. कभी किसी जंगल में छिपे देवता का डर, तो कभी सदियों पुराने श्राप से जुड़ी खौफनाक कहानी. भारतीय लोककथाओं की दुनिया में ऐसे कई रहस्य हैं, जिनके बारे में सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं. इन कहानियों में कहीं इंसान का सामना ऐसी अलौकिक ताकत से होता है, जिसे समझना आसान नहीं, तो कहीं दौलत का लालच उसे मौत के मुंह तक पहुंचा देता है. दिलचस्प बात यह है कि इनमें से कई कहानियां सिर्फ कल्पना नहीं, बल्कि भारत के अलग-अलग इलाकों की पुरानी मान्यताओं और परंपराओं से भी प्रेरित हैं. अगर आपको रहस्य, डर और रोमांच पसंद है, तो OTT पर मौजूद ये पांच फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. इनमें चौथी फिल्म का माहौल इतना डरावना है कि इसे अकेले देखने की गलती भारी पड़ सकती है.
फिल्म- ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’
कहां देखें- प्राइम वीडियो
एक पवित्र जंगल, सदियों पुरानी मान्यताएं और ऐसी अलौकिक शक्तियां, जिनके बारे में गांव के लोग पीढ़ियों से सुनते आ रहे हैं. ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भारतीय लोककथाओं से प्रेरित कहानी है, जिसमें आस्था, परंपरा और रहस्य का मेल देखने को मिलता है. फिल्म की कहानी ऋषि (सिद्धार्थ मल्होत्रा) की है, जो मुंबई में पीडब्ल्यूडी सुपरवाइजर के तौर पर काम करता है. वह अपनी पुश्तैनी जमीन बेचने के लिए गांव लौटता है. लेकिन गांव पहुंचने के बाद उसकी जिंदगी में अजीब घटनाएं होने लगती हैं. वह खुद को एक पवित्र जंगल से जुड़े विवाद में फंसा पाता है.
गांववालों की चेतावनियों को नजरअंदाज कर ऋषि जंगल में चला जाता है. वहां उसे जंगल, एक ताकतवर स्थानीय व्यक्ति और सदियों पुरानी कहानी के बीच का रहस्यमयी रिश्ता पता चलता है. इसी कहानी में गांव के भविष्य का राज छिपा है.दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है.
फिल्म- ‘कांतारा: चैप्टर 1’
कहां देखें- प्राइम वीडियो
क्या आपने कभी सोचा है कि किसी जंगल को बचाने के लिए इंसान और दिव्य शक्तियां एक साथ कैसे खड़ी हो सकती हैं? ‘कांतारा: चैप्टर 1’ इसी रहस्यमयी दुनिया की कहानी दिखाती है. कर्नाटक के तटीय इलाकों की लोककथाओं और आध्यात्मिक परंपराओं से प्रेरित यह फिल्म इंसान, प्रकृति और अलौकिक शक्तियों के रिश्ते को सामने लाती है. फिल्म की कहानी ‘कांतारा’ से कई सदियों पहले के दौर में स्थापित है. इसमें एक ऐसे पवित्र जंगल को दिखाया गया है, जिसकी रक्षा दिव्य शक्तियां करती हैं.
कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक शक्तिशाली राज्य उस जंगल पर अपना अधिकार जमाने की कोशिश करता है. इसके बाद जंगल, वहां रहने वाले समुदाय और उनकी आस्था के बीच संघर्ष शुरू होता है. फिल्म में स्थानीय देवताओं से जुड़ी मान्यताओं, पौराणिक कथाओं और एक्शन का शानदार मेल देखने को मिलता है. ऋषभ शेट्टी के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी, रुक्मिणी वसंत, जयराम और गुलशन देवैया अहम भूमिकाओं में हैं. इसका निर्माण होम्बले फिल्म्स के बैनर तले विजय किरगंदूर ने किया है. फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर बी. अजनीश लोकनाथ ने तैयार किया है.
फिल्म- ‘मुंज्या’
कहां देखें- जियोहॉटस्टार
भारतीय लोककथाओं में कई ऐसी आत्माओं का जिक्र मिलता है, जिनकी अधूरी इच्छाएं उन्हें भटकने पर मजबूर कर देती हैं. ‘मुंज्या’ भी ऐसी ही एक कहानी है, जिसमें डर के साथ कॉमेडी का तड़का लगाया गया है. फिल्म की कहानी बिट्टू नाम के एक नौजवान की है, जो कोंकण में अपने पुश्तैनी गांव लौटता है. यहां अनजाने में वह मुंज्या नाम की एक शरारती लेकिन डरावनी आत्मा को जगा देता है. इसके बाद उसकी जिंदगी में अजीबोगरीब घटनाएं शुरू हो जाती हैं.
मुंज्या एक खास जुनून के साथ बिट्टू के पीछे पड़ जाता है. अब बिट्टू के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस आत्मा से छुटकारा पाने और उसके रहस्य को समझने की होती है. फिल्म में भारतीय लोककथाओं, डर और कॉमेडी को दिलचस्प तरीके से पेश किया गया है. आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शरवरी, अभय वर्मा, मोना सिंह, सत्यराज और सुहास जोशी अहम भूमिकाओं में हैं.
फिल्म- ‘तुम्बाड’
कहां देखें- प्राइम वीडियो
लालच इंसान से क्या कुछ नहीं करवा सकता, इसकी सबसे डरावनी मिसाल है ‘तुम्बाड’. यह फिल्म सिर्फ भूत-प्रेत की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे खजाने का रहस्य है, जिसके पीछे छिपी ताकत इंसान की जिंदगी तबाह कर सकती है. इसका अंधेरा माहौल, लगातार होती बारिश और रहस्यमयी घटनाएं इसे बाकी हॉरर फिल्मों से अलग बनाती हैं. महाराष्ट्र के बारिश से घिरे एक गांव की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म की कहानी विनायक राव की है. वह अपने पूर्वजों के छिपे हुए खजाने की तलाश में निकलता है. इस दौरान उसका सामना हस्तर नाम की एक रहस्यमयी और खतरनाक शक्ति से होता है. हस्तर के पास बेशुमार दौलत है, लेकिन उसे हासिल करना आसान नहीं है.
विनायक का लालच बढ़ता जाता है और खजाने को पाने की उसकी कोशिश पीढ़ियों तक चलती है. धीरे-धीरे वह ऐसी मुसीबत में फंसता चला जाता है, जहां से निकलना आसान नहीं. भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं से प्रेरित यह फिल्म इंसान की इच्छाओं, लालच और अलौकिक शक्तियों का खौफनाक रूप दिखाती है. राही अनिल बर्वे के निर्देशन और आदेश प्रसाद के सह-निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोहम शाह, ज्योति मालशे, अनीता दाते और मोहम्मद समद नजर आए हैं. फिल्म का निर्माण सोहम शाह, आनंद एल. राय, मुकेश शाह और अमिता शाह ने किया है.
फिल्म- ‘भेड़िया’
कहां देखें- जियोहॉटस्टार
जंगल में रहने वाले रहस्यमयी जीवों की कहानियां आपने खूब सुनी होंगी, लेकिन क्या हो अगर कोई इंसान खुद ऐसे ही जीव में बदलने लगे? ‘भेड़िया’ इसी कल्पना को अरुणाचल प्रदेश की लोककथाओं और पुरानी मान्यताओं के साथ जोड़कर पेश करती है. फिल्म की कहानी भास्कर (वरुण धवन) की है, जो सड़क निर्माण ठेकेदार है. एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में वह अरुणाचल प्रदेश पहुंचता है. यहां एक रहस्यमयी भेड़िया उसे काट लेता है. इसके बाद उसके शरीर में अजीब बदलाव होने लगते हैं और उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है.
भास्कर और उसके दोस्त जब इस रहस्य की तह तक पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें जंगल, एक पौराणिक जीव और स्थानीय लोगों की मान्यताओं के बीच गहरा रिश्ता पता चलता है. फिल्म डर, कॉमेडी और रोमांच के जरिए इंसान और प्रकृति के नाजुक रिश्ते को दिखाती है. अमर कौशिक के निर्देशन और निरेन भट्ट के लेखन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन, कृति सेनन, अभिषेक बनर्जी, दीपक डोबरियाल और पॉलिन कबाक अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और ज्योति देशपांडे ने किया है.