Last Updated:
दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा जहरीली हो गई है. ऐसे में प्रदूषण से बचने के लिए सिर्फ मास्क ही नहीं, कुछ घरेलू उपाय भी मददगार हो सकते हैं. फरीदाबाद के आयुर्वेदिक डॉक्टर चेतन शर्मा बता रहे हैं कि तुलसी-अदरक की चाय, शहद और हल्दी वाला दूध कैसे सेहत का ध्यान रखने में मदद कर सकते हैं. जानिए प्रदूषण से बचाव के आसान उपाय.
फरीदाबाद: फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. हवा में घुला जहरीला धुआं लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है. सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है. ऐसे में लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन आयुर्वेद में भी कुछ ऐसे घरेलू उपाय बताए गए हैं, जिनकी मदद से प्रदूषण के प्रभाव से शरीर को बचाने में मदद मिल सकती है. इस बारे में फरीदाबाद के सर्वोदय हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर चेतन शर्मा ने कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं.
सर्दियों में क्यों बढ़ने लगता है प्रदूषण?
डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि जैसे-जैसे सर्दियों का मौसम शुरू होता है, वातावरण में नमी और ओस बढ़ने लगती है. इससे हवा का घनत्व बढ़ जाता है. ऐसे में प्रदूषण के कण ऊपर नहीं उठ पाते और वातावरण में नीचे ही जमा रहने लगते हैं. यही वजह है कि लोगों को आसपास की हवा ज्यादा प्रदूषित महसूस होती है. प्रदूषण को पूरी तरह नियंत्रित करना हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन अपनी सेहत का ध्यान रखकर इसके प्रभाव को कम करने की कोशिश जरूर की जा सकती है.
तुलसी और अदरक की चाय पीने की डालें आदत
चेतन शर्मा बताते हैं कि प्रदूषण से बचाव के लिए घर में ही कुछ आसान आयुर्वेदिक उपाय अपनाए जा सकते हैं. सबसे पहले लोगों को तुलसी और अदरक की चाय पीने की आदत डालनी चाहिए. अगर आप रोजाना चाय पीते हैं, तो उसमें तुलसी की पत्तियां और अदरक जरूर शामिल करें. इससे शरीर को फायदा मिल सकता है.
हल्दी वाला दूध और शहद भी हो सकता है फायदेमंद
इसके अलावा शहद का सेवन भी किया जा सकता है. हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को शहद लेने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. चेतन शर्मा बताते हैं कि हल्दी वाला दूध भी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है. हल्दी में एंटीवायरल और एंटीबायोटिक गुण पाए जाते हैं. इसका सेवन करने से शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद मिल सकती है. प्रदूषण के कारण शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए हल्दी वाला दूध भी अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं.
बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण में बाहर निकलने से बचना चाहिए
डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि इन छोटे-छोटे घरेलू उपायों को अपनाकर लोग अपनी सेहत का ध्यान रख सकते हैं. खासकर प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी महसूस करने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रदूषित वातावरण में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए. साथ ही बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ें