विदेश यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए WhatsApp एक नई सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत यूजर्स को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान ऐप से बाहर निकले बिना डेटा eSIM खरीदने और इंस्टॉल करने का विकल्प मिलेगा। इससे विदेश में भी अपने मौजूदा फोन नंबर पर WhatsApp का इस्तेमाल जारी रखा जा सकेगा।
विदेश में इंटरनेट चलाने के लिए नहीं खरीदना होगा स्थानीय SIM?
अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मोबाइल इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए अक्सर यात्रियों को स्थानीय SIM कार्ड खरीदना पड़ता है या अपने मोबाइल ऑपरेटर की इंटरनेशनल रोमिंग सेवा का इस्तेमाल करना पड़ता है। स्थानीय SIM खरीदने के लिए एयरपोर्ट या किसी दुकान पर जाना पड़ सकता है, जबकि रोमिंग पैक महंगे हो सकते हैं। WhatsApp की नई सुविधा इन परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से लाई जा रही है। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स ऐप के अंदर ही कुछ टैप में डेटा eSIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे।
इससे विदेश पहुंचने के बाद स्थानीय SIM कार्ड खरीदने या इंटरनेट कनेक्शन के लिए Wi-Fi खोजने की जरूरत कम हो सकती है। यूजर अपने मौजूदा फोन नंबर पर WhatsApp का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे।
Jio समेत इन कंपनियों के साथ काम कर रहा WhatsApp
WhatsApp ने बताया कि वह eSIM और टेलीकॉम सेवाएं देने वाली कई कंपनियों के साथ मिलकर इस सुविधा को तैयार कर रहा है।
इनमें शामिल हैं:
– Jio
– Smart Axiata
– Smart Communications
– Verizon
कंपनी ने कहा है कि यह सुविधा जल्द ही चुनिंदा देशों में शुरू की जाएगी। हालांकि, अभी लॉन्च की तारीख, शुरुआती देशों और डेटा पैक की कीमतों की जानकारी सामने नहीं आई है।
WhatsApp पर ही मिलेगा eSIM खरीदने और इंस्टॉल करने का विकल्प
WhatsApp के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पहल को eSIM के क्षेत्र में कंपनी की शुरुआती खोज बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ऐसा अनुभव तैयार करना है, जिसमें दुनिया में कहीं भी जाने पर WhatsApp बिना परेशानी के काम करता रहे। उन्होंने इस मिशन में दुनिया भर के साझेदारों को जुड़ने का निमंत्रण भी दिया। Meta के अनुसार, दुनियाभर में WhatsApp के तीन अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में यह सुविधा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकती है।