Last Updated:
Full List Of Banned Items Diljit Dosanjh Mumbai Concert : सिंगर दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत आज यानी 27 नवंबर को मुंबई में लाइव परफॉर्म करेंगे. महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस कॉन्सर्ट से पहले आयोजक बुकमायशो ने सख्त एंट्री गाइडलाइंस जारी की हैं. सुरक्षा कारणों से वेन्यू के अंदर झंडे, पोस्टर, बैनर, डिओडोरेंट, मेकअप प्रोडक्ट्स और यहां तक कि पेन ले जाने पर भी रोक लगा दी गई है.
नई दिल्ली. पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए कुछ जरूरी खबर है. अगर आप भी आज यानी 27 नवंबर को मुंबई में होने वाले उनके कॉन्सर्ट में शामिल होने जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपने सामान की जांच जरूर कर लें. दरअसल, कॉन्सर्ट में एंट्री को लेकर आयोजकों ने कई सख्त नियम बनाए हैं. इन नियमों के तहत ऐसी कई चीजों को अंदर ले जाने पर रोक लगा दी गई है, जिन्हें लोग आमतौर पर अपने साथ रखते हैं. हैरानी की बात यह है कि इस लिस्ट में सिर्फ सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक सामान ही नहीं, बल्कि पोस्टर, झंडे, मेकअप का सामान और पेन जैसी छोटी चीजें भी शामिल हैं. फाइल फोटो.
दिलजीत का यह कॉन्सर्ट मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जा रहा है. ऐसे में अगर आप भी अपने पसंदीदा सिंगर को लाइव सुनने की तैयारी में हैं, तो जान लीजिए कि किन चीजों को लेकर पहुंचने पर आपको एंट्री नहीं मिलेगी. फाइल फोटो.
BookMyShow की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में किसी भी तरह के झंडे, बैनर, पोस्टर और साइन बोर्ड ले जाने की अनुमति नहीं होगी. यह पाबंदी हाथ से बनाए गए पोस्टरों और बैनरों पर भी लागू है. जब इस बारे में BookMyShow से सवाल किया गया तो कंपनी ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके अलावा चाकू, ब्लेड और नुकीले गहने जैसी चीजें भी प्रतिबंधित हैं. लाइटर और लेजर पॉइंटर भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे. आयोजकों ने ऐसी चीजों पर भी रोक लगाई है, जिन्हें भीड़ की तरफ फेंका जा सकता है. इनमें पानी से भरे गुब्बारे, अंडे, मार्कर और पेन शामिल हैं. यहां तक कि खाली बोतलें भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है. बोतल कांच, प्लास्टिक या धातु किसी भी चीज की बनी हो, उस पर यह नियम लागू होगा. फाइल फोटो.
फैंस को छाता, प्रोफेशनल कैमरा, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक, गोप्रो और ड्रोन ले जाने से भी मना किया गया है. किसी भी तरह के रिकॉर्डिंग उपकरण को भी प्रतिबंधित सामान की सूची में रखा गया है. कॉन्सर्ट में जाने वाले लोगों को अपने पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स का भी ध्यान रखना होगा. डियोड्रेंट, एयरोसोल, स्प्रे सनस्क्रीन और मेकअप का सामान अंदर नहीं ले जा सकेंगे. क्रीम समेत दूसरे मेकअप प्रोडक्ट्स पर भी रोक है. इसके अलावा बड़े बैग, बैकपैक, लैपटॉप और टैबलेट भी साथ ले जाने की परमिशन नहीं होगी. फाइल फोटो.
हालांकि, कुछ जरूरी सामानों को छूट दी गई है. फैंस अपने साथ पावर बैंक ले जा सकते हैं. अगर किसी को दवाइयों की जरूरत है, तो वह उन्हें साथ रख सकता है, लेकिन इसके लिए वैध मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन दिखाना जरूरी होगा. फाइल फोटो.
आयोजकों ने फैंस को सलाह दी है कि वे अपने साथ सरकार की ओर से जारी वैध फोटो आईडी जरूर रखें. एंट्री के दौरान पहचान की जांच की जा सकती है. आखिरी समय में होने वाली भीड़ और लंबी लाइन से बचने के लिए लोगों को समय से पहले वेन्यू पहुंचने की सलाह भी दी गई है. वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और इवेंट स्टाफ के निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा. फाइल फोटो.
दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में झंडों और पोस्टरों पर लगी रोक के पीछे एक पुराना विवाद भी चर्चा में है. दरअसल, मई 2026 में कनाडा के कैलगरी में हुए उनके एक कॉन्सर्ट के दौरान कुछ लोग खालिस्तान समर्थक झंडे लहराते नजर आए थे. इस घटना के बाद काफी विवाद हुआ था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत ने उस वक्त सिक्योरिटी टीम से कार्यक्रम में बाधा डाल रहे लोगों को हटाने के लिए कहा था. इसके बाद पंजाबी समुदाय के कुछ लोगों ने भी सिंगर की आलोचना की थी. फाइल फोटो.
विवाद बढ़ने पर दिलजीत ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी थी. उन्होंने साफ किया था कि उन्हें किसी के झंडा या बैनर लेकर आने से परेशानी नहीं है. लोग अपनी पहचान और समर्थन दिखाने के लिए ऐसा कर सकते हैं. हालांकि, उनका विरोध उन लोगों से था, जो झंडों और बैनरों के जरिए उनके फैंस को परेशान करते हैं या कॉन्सर्ट का माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में मुंबई के शो में झंडों और पोस्टरों पर पूरी तरह रोक लगाए जाने को उस पुराने विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है. फाइल फोटो.
दिलजीत के भारत दौरे के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता की एक और वजह सामने आई है. मुंबई कॉन्सर्ट से पहले उनके 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले शो को लेकर धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर आई थी. यह कार्यक्रम NICE ग्राउंड्स में होना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कमिश्नर के आधिकारिक ईमेल पर एक संदेश भेजा गया था. इसमें कॉन्सर्ट के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाका करने की धमकी दी गई थी. फाइल फोटो.
ईमेल में लोगों को कॉन्सर्ट में बच्चों को नहीं लाने और मेट्रो से सफर नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी. संदेश के आखिर में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लिखा होने की बात भी सामने आई. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. साइबर क्राइम टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसकी सच्चाई का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने कॉन्सर्ट से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच शुरू की है. फाइल फोटो.