Last Updated:
विजय सेतुपति की अपकमिंग एक्शन थ्रिलर ‘ट्रेन’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है. निर्देशक मैस्किन के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर में जबरदस्त सस्पेंस और हाई-वोल्टेज एक्शन की झलक देखने को मिलती है, जहां विजय सेतुपति मुसीबत में फंसे यात्रियों के लिए मसीहा बनकर उभरते हैं. श्रुति हासन और नासिर जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.
सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर है ट्रेन का ट्रेलर. (फोटो साभार: Instagram@vcreationsofficial)
नई दिल्ली. साउथ स्टार विजय सेतुपति की मच अवेटेड फिल्म ‘ट्रेन’ का दमदार ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज हो चुका है. निर्देशक मैस्किन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई थी और अब ट्रेलर सामने आने के बाद एक्साइटमेंट और बढ़ गई है. सस्पेंस, थ्रिल और जोरदार एक्शन की झलक दिखाते इस ट्रेलर ने विजय सेतुपति के फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया है. यह मूवी दिसंबर महीने में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.
विजय सेतुपति ने सोशल मीडिया पर ‘ट्रेन’ के ट्रेलर का लिंक शेयर करते हुए लिखा, ‘अब देखिए जबरदस्त एक्शन. पेश है ट्रेन का ट्रेलर.’ ट्रेलर की शुरुआत एक भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन से सुपरफास्ट ट्रेन के रवाना होने से होती है. ट्रेन के पूरी रफ्तार पकड़ने के तुरंत बाद यह स्पष्ट हो जाता है कि ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं. रेलवे कर्मचारियों द्वारा ट्रेन को रोकने के लिए यांत्रिक ब्रेक लगाने के प्रयास भी विफल रहते हैं. ट्रेन अपनी तबाही की ओर बेतहाशा रफ्तार से बढ़ रही है.
यहां पर देखिए ‘ट्रेन’ फिल्म का ट्रेलर
ट्रेन के अंदर मचा हड़कंप
जैसे ही यह खबर फैलती है, रेलवे अधिकारी चिंतित होने लगते हैं और यात्री घबरा जाते हैं. इसके बाद पुलिस रणनीति बनाने लगती है. ट्रेन के अंदर गुस्सा बढ़ने के साथ ही झगड़े शुरू हो जाते हैं. इस अराजकता के बीच पता चलता है कि ट्रेन को ना रोकने के लिए षड्यंत्र रचा है. जैसे-जैसे सब कुछ बिखरने लगता है, तब एक व्यक्ति (विजय सेतुपति) हिम्मत दिखाता है और ट्रेन में सवार लोगों की जान बचाने में जुट जाता है. यही फिल्म ‘ट्रेन’ की कहानी है.
फिल्म को मिला यू/ए सर्टिफिकेट
इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज के लिए मंजूरी दे दी है. कुछ महीने पहले थानु ने घोषणा की थी कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से रिलीज के लिए मंजूरी मिल गई है. तब उन्होंने कहा था, ‘ट्रेन को यू/ए सर्टिफिकेट मिला है. निर्देशक मैस्किन की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ट्रेन’ का हाल ही में टीजर जारी किया गया था जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया.
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ट्रेन’ मूवी
वी क्रिएशन्स द्वारा निर्मित फिल्म ‘ट्रेन’ में नासिर, श्रुति हासन, युगी सेतु, नारायण, केएस रविकुमार, संपत राज, कलैयारसन, इरा दयानंद और प्रीति करण सहित कई सितारे नजर आएंगे. इसका संगीत मैस्किन ने खुद दिया है. दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल नारायण ने सोशल मीडिया पर ‘ट्रेन’ के सेट से अपनी तस्वीरें साझा की थीं. इन तस्वीरों से पता चला कि वह फिल्म में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं. यह मूवी 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें