Last Updated:
Bihar Health News: सड़क हादसे में ब्रेन डेड घोषित 16 वर्षीय किशोर के माता-पिता ने अंगदान कर तीन मरीजों को नया जीवन दिया. बिहार में पहली बार राज्य सरकार से मिले 15 लाख रुपये के अनुदान की सहायता से आईजीआईएमएस में सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया, जो स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि है.
पटना: दिवाली पर एक परिवार के घर का दीपक बुझ गया, लेकिन उसी परिवार के फैसले ने तीन दूसरे घरों में जिंदगी की नई रोशनी जला दी. सड़क हादसे में ब्रेन डेड घोषित हुए 16 वर्षीय बेटे के माता-पिता ने असहनीय दुख के बीच ऐसा साहसिक फैसला लिया, जिसने एक लिवर और दो किडनियों के जरिए तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन पाने का मौका दिया. खास बात यह रही कि बिहार सरकार की ओर से मिले 15 लाख रुपये के अनुदान से राज्य में पहली बार सरकारी सहायता के जरिए लिवर ट्रांसप्लांट भी संभव हो सका. कभी-कभी जिंदगी की सबसे बड़ी सीख ऐसे लोगों से मिलती है, जो खुद सबसे गहरे दुख से गुजर रहे होते हैं. बिहार में सामने आई यह घटना भी कुछ ऐसी ही है. एक सड़क हादसे ने 16 साल के एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. माता-पिता ने अपने बेटे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश की.
एक बेटे के अंगदान से तीन परिवारों को मिली नई उम्मीद
आईजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ मनीष मंडल ने लोकल 18 को बताया कि मृतक किशोर का ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव था. इसके आधार पर पहले से पवेटिंग लिस्ट में शामिल जरूरतमंद मरीजों की पहचान की गई. लिवर प्रत्यारोपण के लिए आईजीआईएमएस और किडनी प्रत्यारोपण के लिए एम्स पटना में मरीजों के परिजनों को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही संबंधित मरीजों के परिजन अस्पताल पहुंचे और प्रत्यारोपण की प्रक्रिया आगे बढ़ी. इस तरह एक किशोर के अंगदान ने तीन जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद जगा दी.
बिहार में पहली बार सरकारी अनुदान से हुआ लिवर ट्रांसप्लांट
इस पूरे घटनाक्रम की एक और बड़ी उपलब्धि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी है. राज्य में पहली बार बिहार सरकार की ओर से दिए गए 15 लाख रुपये के अनुदान की मदद से लिवर ट्रांसप्लांट संभव हो सका. डॉक्टरों ने इसे बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. डॉ.मनीष मंडल ने बताया कि लिवर ट्रांसप्लांट बेहद महंगी प्रक्रिया है और अधिकांश जरूरतमंद परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इलाज के खर्च की होती है. ऐसे में सरकार की ओर से 15 लाख रुपये की सहायता मिलना गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए बड़ी राहत है. उन्होंने आगे बताया कि लिवर ट्रांसप्लांट के लिए पात्र मरीजों को नियमानुसार सरकारी अनुदान दिया जा सकता है. लाभुक परिवार के सदस्य केशव आनंद ने बताया कि 15 लाख रूपये के अनुदान के लिए किसी भी सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ा. सभी प्रकिया अस्पताल की तरफ से भी पूरी की गई. इससे हमारे परिवार को बहुत बड़ी राहत मिली.
जब लिवर काम करना बंद कर दे, तब पड़ती है ट्रांसप्लांट की जरूरत
डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत तब पड़ती है, जब मरीज एंड स्टेज लिवर डिजीज की स्थिति में पहुंच जाता है. यानी लिवर इस हद तक खराब हो जाता है कि उसके काम करने का कोई प्रभावी विकल्प नहीं बचता. हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी, लिवर कैंसर, ऑटोइम्यून बीमारियां, संक्रमण और अत्यधिक नशे की वजह से भी लिवर गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है. जब बीमारी अंतिम अवस्था में पहुंच जाती है और मरीज चिकित्सकीय रूप से ट्रांसप्लांट के लिए फिट होता है, तब लिवर प्रत्यारोपण की जरूरत पड़ती है.
सड़क हादसों में अंगदान बन सकता है कई जिंदगियों का सहारा
इस घटना के जरिए डॉ. मनीष मंडल ने अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में हर साल बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है. इनमें कुछ मरीज ऐसे होते हैं, जिन्हें मेडिकल जांच के बाद ब्रेन डेड घोषित किया जाता है. ऐसे मामलों में परिजनों की सहमति से अंगदान किया जाए, तो कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है. उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि दिवाली पर 16 वर्षीय मोनू ने जो मिसाल कायम की है, उससे कई घरों में रोशनी पहुंची है. यह रोशनी बुझनी नहीं चाहिए. जब किसी परिवार पर अपनों को खोने का पहाड़ टूटता है, तब अंगदान का फैसला लेना आसान नहीं होता, लेकिन यही फैसला किसी दूसरे परिवार की जिंदगी बचाने का कारण बन सकता है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें