Last Updated:
अभिनेता बॉबी देओल हाल ही में बेंगलुरु गए थे. इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘शोले’ की शूटिंग से जुड़ी यादें ताजा कीं. अभिनेता ने बताया कि जब शोले की शूटिंग चल रही थी, तब वो अपने पिता के साथ बेंगलुरु के आसपास के इलाकों में जाया करते थे.
बॉबी देओल अपने पिता धर्मेंद्र के साथ. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनकी यादें सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उनसे जुड़ी कहानियां पीढ़ियों तक चलती हैं. हिंदी सिनेमा की ऐसी ही एक फिल्म है ‘शोले’, जिसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. इस फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कई दिलचस्प यादें आज भी लोगों को रोमांचित करती हैं. अब अभिनेता बॉबी देओल ने भी इससे जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जो उनके बचपन की यादों में बसा हुआ है. दरअसल, जब उनके पिता धर्मेंद्र ‘शोले’ की शूटिंग कर रहे थे, तब बॉबी भी उनके साथ बेंगलुरु आया करते थे. सालों बाद इस शहर पहुंचकर अभिनेता पुरानी यादों में खो गए और उन्होंने एक अधूरा सपना भी साझा किया.
आयोजन में बातचीत के दौरान अभिनेता बॉबी ने बताया कि उनका हमेशा से बेंगलुरु में शूटिंग करने का सपना रहा है. उन्होंने कहा, ‘बेंगलुरु हमेशा से मेरा पसंदीदा शहर रहा है. मुझे याद है जब मैं बहुत छोटा था, यहां शोले की शूटिंग हो रही थी. क्या आप सबने शोले देखी है? मैं शोले की शूटिंग के दौरान अपने पिता के साथ यहां आया करता था. मैं एक दिन यहां शूटिंग करने के लिए बहुत उत्सुक था लेकिन मैंने सिर्फ एक फिल्म की शूटिंग की और वो थी मेरी पहली फिल्म ‘बरसात’. उसके बाद मुझे मौका नहीं मिला लेकिन आज मैं लंबे समय बाद यहां आया हूं और आप सबके साथ मुझे बहुत अच्छा लग रहा है.’
रमेश सिप्पी की एक्शन-एडवेंचर फिल्म
रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी आइकॉनिक एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘शोले’ की शूटिंग ज्यादातर रामनगर के ऊबड़-खाबड़ इलाके में हुई थी, जो बेंगलुरु से करीब 50 किलोमीटर दूर है. वहां की चट्टानी पहाड़ियां, खासकर रामदेवरा बेट्टा के आसपास की जगह फिल्म में काल्पनिक गांव रामगढ़ बन गई थी.
1975 को रिलीज हुई थी फिल्म
इस फिल्म में बॉबी देओल के पिता धर्मेंद्र के अलावा, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, अमजद खान, संजीव कुमार और हेमा मालिनी मुख्य भूमिका में नजर आए थे. शोले को हिंदी सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में गिना जाता है. इसके डायलॉग्स (कितने आदमी थे?, जो डर गया समझो मर गया), जय-वीरू की दोस्ती और गब्बर सिंह का किरदार आज भी बेहद लोकप्रिय हैं. 15 अगस्त 1975 को भारतीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज के बाद शुरुआती दो हफ्तों में मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी लेकिन तीसरे हफ्ते से लोगों ने फिल्म की तारीफ करनी शुरू कर दी थी और दर्शक दोबारा से सिनेमाघरों में पहुंचने लगे थे.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें