2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दीया यादव ने 87 रन की पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। -फाइल फोटो
भारतीय विमेंस अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को दूसरे अनऑफिशियल टी-20 मैच में 106 रन से हरा दिया। शनिवार को वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 230 रन बनाए।
जवाब में इंग्लैंड की टीम 15.3 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
दीया-अक्साह ने 104 रन की साझेदारी की
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को ईश्वरी आवासरे और दीया यादव ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। ईश्वरी 18 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद इरा जाधव 10 और कप्तान भाविका अहिरे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
भारत ने 7.4 ओवर में 67 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से दीया यादव और अक्साह परमार ने पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 104 रन जोड़े। दीया 87 रन बनाकर 16.1 ओवर में आउट हुईं।
इसके बाद उमा काशवी ने 7 गेंदों पर 15 रन बनाए, जबकि कुमारी पलक ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत का स्कोर 230 रन तक पहुंचाया। अक्साह 82 रन बनाकर पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुईं।
अक्साह परमार ने 41 बॉल पर 82 रन की पारी खेली।
फेथ टीकासिंह की पारी भी इंग्लैंड को नहीं जिता सकी
231 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत तेज रही। ब्रायोनी गिलग्रेस ने 7 गेंदों पर 18 रन बनाए। हालांकि, दूसरे ओवर में उनका विकेट गिर गया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बना दिया।
फेथ टीकासिंह ने एक छोर संभालते हुए 40 गेंदों पर 58 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके अलावा अवा क्लाइव और फ्लोरा डेविस ने 14-14 रन बनाए। इंग्लैंड की बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं और पूरी टीम 124 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से 5 गेंदबाजों को मिले विकेट
भारत की ओर से पूरवा सिवाच, मैत्री मनियार और उमा काशवी ने 2-2 विकेट लिए। अनादी तागड़े और निधि महतो को 1-1 सफलता मिली। मैत्री मनियार ने 2.3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, उमा काशवी ने 2 ओवर में 11 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया।