1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने ATM और दुकानों की स्वैप मशीन से कैश निकालने के नए नियम लागू कर दिए हैं। इनके मुताबिक, महीने की फ्री लिमिट खत्म होने के बाद ATM से पैसे निकालने पर बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम ₹23 और टैक्स वसूल सकते हैं।
हालांकि, राहत की बात यह है कि अब बैंकों को आपको यह जानकारी देनी होगी कि आपके कितने फ्री ट्रांजैक्शन बचे हैं और अगला ट्रांजैक्शन करने पर कितना चार्ज लगेगा।
फ्री ट्रांजैक्शन के नए नियम क्या हैं?
सेविंग अकाउंट वालों को हर महीने अपने बैंक के ATM से 5 बार फ्री ट्रांजैक्शन करने की सुविधा मिलती है। इसमें पैसे निकालना, बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट निकालना भी शामिल हैं।
अगर आप किसी दूसरे बैंक का ATM इस्तेमाल करते हैं, तो नियम शहर के हिसाब से बदल जाते हैं:
- मेट्रो शहर: महीने में 3 ट्रांजैक्शन फ्री (मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद)।
- नॉन-मेट्रो शहर: महीने में 5 ट्रांजैक्शन फ्री (ऊपर दिए 6 शहरों को छोड़कर बाकी सभी शहर और कस्बे)।
अगर आप एक ही महीने में मेट्रो और छोटे शहरों दोनों जगहों के दूसरे बैंक के ATM इस्तेमाल करते हैं, तो भी आपको कुल मिलाकर अधिकतम 5 फ्री ट्रांजैक्शन ही मिलेंगे।
दूसरे बैंक के ATM से एक बार में ₹10,000 निकाल सकेंगे
नए नियमों के मुताबिक, आप किसी दूसरे बैंक के ATM से एक बार में अधिकतम ₹10,000 ही निकाल सकेंगे। इसके साथ ही, ग्राहकों को यह भी ध्यान रखना होगा कि उनके अपने बैंक ने रोजाना कैश निकालने की कितनी लिमिट तय की है।
अगर तकनीकी खराबी- जैसे ATM मशीन खराब होने, नेटवर्क फेल होने या मशीन में कैश न होने की वजह से ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, तो उसे आपकी ट्रांजैक्शन लिमिट में नहीं गिना जाएगा।
इसी तरह, बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की गलती से ट्रांजैक्शन रुकने पर भी आपकी फ्री लिमिट कम नहीं होगी और न ही कोई चार्ज लगेगा। आसान शब्दों में कहें तो बैंक या मशीन की खराबी की वजह से आपका फ्री ट्रांजैक्शन बेकार नहीं जाएगा।
ATM पर क्या-क्या जानकारी देना होगा जरूरी?
RBI ने ग्राहकों की सहूलियत के लिए ATM से जुड़े नियमों को सख्त कर दिया है। अब हर ATM के अंदर साफ-सुथरा नोटिस लगाना जरूरी होगा, जो अंग्रेजी, हिंदी और वहां की स्थानीय भाषा में लिखा हो। इस नोटिस में यह जानकारी होनी चाहिए:
- लिमिट और चार्ज: एक बार में अधिकतम कितना कैश निकाल सकते हैं, महीने में कितने ट्रांजैक्शन फ्री हैं और लिमिट खत्म होने पर कितना चार्ज लगेगा।
- शिकायत और हेल्पलाइन नंबर: ATM का आइडेंटिफिकेशन नंबर, हेल्पडेस्क का संपर्क नंबर और ATM चलाने वाले बैंक का टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर।
- शिकायत कहां करें: ग्राहकों को यह भी बताना होगा कि किसी तरह की दिक्कत होने पर उन्हें अपनी होम ब्रांच (जहां उनका खाता है) में शिकायत दर्ज करानी है।
इसके अलावा, अगर ATM में कैश नहीं है, तो मशीन को ट्रांजैक्शन शुरू होने से पहले ही स्क्रीन पर ‘कैश उपलब्ध नहीं है’ का मैसेज दिखाना होगा। साथ ही, सभी ATM मशीनों में चिप-एंड-पिन वाले कार्ड (EMV) सपोर्ट करना भी अनिवार्य होगा।
PoS से कैश निकालने के क्या नियम हैं?
ATM के अलावा आप दुकानों या मर्चेंट सेंटर पर रखी योग्य PoS (स्वैप/पेमेंट) मशीन से भी कैश निकाल सकते हैं। यह सुविधा डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स (बैंक या नॉन-बैंक PPI) और UPI के जरिए मिलती है।
17 पुराने सर्कुलर्स को मिलाकर बनाया गया नया नियम
RBI ने ATM और PoS से कैश निकालने के 17 पुराने सर्कुलर्स को जोड़कर एक नया नियम (मास्टर डायरेक्शन) जारी किया है, ताकि नियम साफ और एक जैसे रहें। यह नया नियम 27 नवंबर 2026 से लागू हो चुका है और सभी बैंकों व पेमेंट कंपनियों पर लागू है।
क्या बदलेगा?
नए नियमों से रोज़मर्रा की बैंकिंग पहले से ज़्यादा साफ और आसान होने की उम्मीद है:
- शुल्क की पहले जानकारी: फ्री लिमिट खत्म होने या चार्ज लगने से पहले अलर्ट मिलेगा, जिससे अचानक कटने वाले पैसों की उलझन कम होगी।
- बेहतर ATM सुविधा: ATM पर भाषा, हेल्पलाइन, कैश रहने और पैसे फंसने या लेनदेन अटकने जैसे मामलों के नियम साफ होंगे।
- आसान शिकायत: लेनदेन अटकने या गड़बड़ी होने पर समाधान की प्रक्रिया ज़्यादा पारदर्शी होगी।
अपने खाते की ताज़ा सीमा और शर्तों के लिए एक बार अपने बैंक से ज़रूर पता कर लें।