रामपुर: सर्दियों में ठंडी हवा के चलते बाल रूखे, बेजान और उलझने लगते हैं. ऐसे में बालों की देखभाल के लिए हर बार महंगे हेयर प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मिलने वाले गुड़हल और गुलाब के फूल भी बालों की देखभाल में काम आ सकते हैं. आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल बताते हैं कि इन दो फूलों का इस्तेमाल आप आसानी से घर पर कर सकते हैं.
गुड़हल के फूल से बनाएं नेचुरल हेयर मास्क
गुड़हल का फूल बालों की देखभाल के लिए पुराने समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसकी खास बात यह है कि सिर्फ फूल ही नहीं, बल्कि इसकी पत्तियां भी बालों के लिए काम आती हैं. गुड़हल में मौजूद प्राकृतिक तत्व बालों को मुलायम बनाने और उनमें चमक लाने में मदद कर सकते हैं. इसके फूल और पत्तियों को पीसकर पेस्ट बनाया जा सकता है. इस पेस्ट में थोड़ा एलोवेरा जेल या दही मिलाकर बालों में लगाएं. करीब 20 से 30 मिनट बाद बालों को हल्के शैंपू से धो लें. इससे बालों को कंडीशनिंग मिल सकती है.
गुड़हल के फूल और पत्तियों से घर पर बनाएं तेल
गुड़हल के फूल और पत्तियों से घर पर तेल भी तैयार किया जा सकता है. इसके लिए नारियल या बादाम का तेल लें और उसमें गुड़हल के फूल और पत्तियां डाल दें. इसे धीमी आंच पर कुछ देर गर्म करें. ठंडा होने के बाद तेल को छानकर साफ बोतल में रख लें. नहाने से पहले इस तेल से हल्के हाथों से सिर की मालिश कर सकते हैं. इससे बालों और स्कैल्प को नमी मिलती है और रूखेपन से राहत पाने में मदद मिल सकती है.
गुड़हल की पत्तियां भी बालों के लिए फायदेमंद
अगर आपके पास गुड़हल के फूल नहीं हैं तो इसकी पत्तियों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. पत्तियों को अच्छी तरह धोकर पीस लें और उसमें थोड़ा दही या एलोवेरा जेल मिला लें. इस मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर लगाकर कुछ देर छोड़ दें. इसके बाद पानी और हल्के शैंपू से बाल धो लें. गुड़हल की पत्तियों में मौजूद प्राकृतिक चिकनाई बालों को मुलायम बनाने में मदद कर सकती है.
गुलाब की पंखुड़ियों से तैयार करें हेयर मास्क
गुलाब की पंखुड़ियां भी बालों के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं. इनसे तैयार गुलाब जल को बालों पर स्प्रे या रिंस की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा ताजी या सूखी गुलाब की पंखुड़ियों को पीसकर उसमें दही या एलोवेरा जेल मिलाकर हेयर मास्क भी बनाया जा सकता है. इससे बालों को हल्की नमी और ताजगी मिल सकती है. गुलाब से बना गुलकंद भी खाने में इस्तेमाल किया जाता है.
घरेलू नुस्खे अपनाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
किसी भी घरेलू नुस्खे को बालों में लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. फूल और पत्तियां साफ होनी चाहिए और उनमें कीटनाशक या केमिकल नहीं लगा होना चाहिए. अगर किसी तरह की खुजली, जलन या एलर्जी महसूस हो तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें.