Last Updated:
जून की भीषण गर्मी में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है. ऐसे मौसम में लोग कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड जूस की जगह देसी पेय पदार्थों को ज्यादा पसंद करने लगे हैं. इनमें आम पन्ना और जलजीरा सबसे लोकप्रिय हैं. लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर दोनों में से कौन-सी ड्रिंक ज्यादा फायदेमंद है. प्रयागराज की हेल्थ एक्सपर्ट डॉ संजना ने आसान जवाब कारण सहित बताया है.
दोनों पेय अपने-अपने तरीके से शरीर को फायदा पहुंचाते हैं. हालांकि इनका काम अलग-अलग होता है. अगर आपका उद्देश्य शरीर को ठंडक पहुंचाना, डिहाइड्रेशन से बचना और लू के प्रभाव को कम करना है, तो आम पन्ना बेहतर विकल्प माना जाता है. वहीं पाचन सुधारने और पेट की समस्याओं से राहत पाने के लिए जलजीरा ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है.
आम पन्ना कच्चे आम से तैयार किया जाता है. इसमें विटामिन-सी, पोटैशियम और कई जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं. गर्मी में अधिक पसीना निकलने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है. ऐसे में आम पन्ना इस कमी को पूरा करने में मदद करता है और शरीर को ऊर्जा भी देता है. यही कारण है कि कई लोग इसे लू से बचाव के लिए पारंपरिक उपाय मानते हैं.
दूसरी ओर जलजीरा जीरा, पुदीना, काला नमक, इमली और अन्य मसालों से बनाया जाता है. इसका स्वाद भले ही चटपटा हो, लेकिन इसका सबसे बड़ा फायदा पाचन तंत्र को मजबूत करना है. पेट फूलना, गैस, अपच और भारीपन जैसी समस्याओं में जलजीरा काफी राहत देता है. साथ ही यह भूख बढ़ाने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी मददगार माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप धूप से लौटे हैं या शरीर में पानी की कमी महसूस हो रही है तो आम पन्ना ज्यादा फायदेमंद रहेगा. वहीं अगर आपने भारी भोजन किया है और पेट में असहजता महसूस हो रही है तो जलजीरा बेहतर विकल्प हो सकता है.
यानी दोनों देसी ड्रिंक्स की अपनी-अपनी खासियत है. गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए आम पन्ना और पाचन दुरुस्त रखने के लिए जलजीरा को अपनी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि इनमें चीनी और नमक की मात्रा संतुलित रहे, तभी इनका पूरा लाभ मिल पाएगा.