Last Updated:
Summer Health Tips: कई लोग घंटों एयर कंडीशनर में रहते हैं और अचानक तेज धूप में बाहर निकल जाते हैं. इससे शरीर को शॉक लगता है, क्योंकि तापमान अचानक बदल जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसा करने से चक्कर आने, डिहाइड्रेशन और डिसकंफर्ट जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. गर्मी में लोगों को इस तरह की गलती नहीं करनी चाहिए.
एसी से अचानक धूप में निकलने से चक्कर आ सकते हैं और बेचैनी हो सकती है.
Summer Heat and Health: गर्मी में दोपहर के वक्त धूप बहुत तेज होती है और तापमान सबसे ज्यादा होता है. आमतौर पर जून के महीने में दोपहर का तापमान 40 से 45 डिग्री के आसपास रहता है. गर्मी से बचने के लिए लोग घंटों एयर कंडीशनर यानी AC वाले कमरे में रहते हैं, जहां तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास होता है. ऐसे में जब कोई व्यक्ति सीधे 45 डिग्री या उससे अधिक तापमान वाली गर्मी में बाहर निकलता है, तो शरीर को अचानक बड़े तापमान बदलाव का सामना करना पड़ता है. यह बदलाव हर व्यक्ति के लिए परेशानी नहीं बनता है, लेकिन कुछ लोगों को इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया जब कोई व्यक्ति कई घंटे तक AC कमरे में बैठने के बाद अचानक 45 डिग्री के तापमान में बाहर निकलता है, तो इससे कई परेशानियां पैदा हो सकती हैं. ऐसी कंडीशन में हमारा शरीर लगातार अपना टेंपरेचर बैलेंस करने की कोशिश करता है. इस दौरान कुछ लोगों को चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना, ज्यादा पसीना आना या बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों की तबीयत ऐसा करने से बिगड़ सकती है.
डॉक्टर के मुताबिक AC वाले वातावरण में रहने से कई बार व्यक्ति को प्यास कम महसूस होती है, लेकिन बाहर निकलते ही तेज गर्मी और पसीने के कारण शरीर तेजी से पानी खोने लगता है. अगर ऐसे में पर्याप्त पानी न पिया जाए, तो डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है. इसके लक्षणों में सिरदर्द, थकान, मुंह सूखना और चक्कर आना शामिल हो सकते हैं. इसलिए बाहर निकलने से पहले और बाद में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है. कुछ लोगों को अचानक टेंपरेचर बदलाव के कारण सिरदर्द हो सकता है.
एक्सपर्ट की मानें तो शरीर को अचानक गर्म वातावरण में खुद को ढालने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे असहजता हो सकती है. अगर व्यक्ति लंबे समय तक धूप में रहता है, तो हीट एक्सहॉशन जैसी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है. AC वाले कमरे से निकलने से पहले कुछ मिनट सामान्य तापमान वाले वातावरण में बिताएं. इससे शरीर को धीरे-धीरे तापमान परिवर्तन के अनुरूप ढलने का मौका मिलता है. बाहर जाते समय पानी की बोतल साथ रखें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा तेज धूप में सिर को ढककर रखें. इससे गर्मी का असर कम हो सकता है.
AC का इस्तेमाल गर्मी से राहत देता है, लेकिन बहुत ठंडे कमरे से सीधे भीषण गर्मी में जाना शरीर के लिए असहज हो सकता है. इसलिए तापमान में अचानक बदलाव से बचने और पर्याप्त पानी पीने जैसी आदतें अपनाना जरूरी है. अगर गर्मी में बाहर निकलने के बाद चक्कर, उलझन, तेज कमजोरी या अन्य गंभीर लक्षण महसूस हों, तो तुरंत मेडिकल हेल्प लेनी चाहिए. सही सावधानियों के साथ आप गर्मियों में खुद को सुरक्षित और स्वस्थ रख सकते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें