Last Updated:
Bael Fruit Benefits In Summer: भीषण गर्मी का दौर जारी है. राहत के लिए लोग बेल का शरबत पीते हैं, लेकिन क्या आपने बेली के बारे में सुना है? बेल का यह छोटा रूप सेहत के लिए बेल से भी अधिक असरदार है. जानें पूर्वी चंपारण के झप्सी महतो के 35 साल पुराने अनोखे पेड़ और बेली के अद्भुत फायदों के बारे में.
आदित्य गौरव/पूर्वी चंपारण: भीषण गर्मी के बीच लोग राहत पाने के लिए कई तरह के उपाय करते हैं. इसमें प्राकृतिक फलों का सहारा लेते हैं. गर्मी में आपने बेल का शरबत तो आपने बहुत पिया होगा, लेकिन क्या आपने बेली के बारे में सुना है? यह बेल का ही एक छोटा लेकिन अधिक गुणकारी रूप है. गर्मी के मौसम में यह फल शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखने में बेहद असरदार है. आइए इसके फायदे जानते हैं 91 वर्षीय बुजुर्ग झप्सी महतो से. जो इसका सेवन कई सालों से करते आ रहे हैं.
क्या है बेली और क्यों है खास?
बेली आकार में छोटा (संतरे के करीब) और बेल की तुलना में अधिक सुगंधित होता है. पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर प्रखंड के नया गांव में रहने वाले 91 वर्षीय झप्सी महतो के घर के बाहर 35 साल पुराना बेली का एक विशाल पेड़ है. हर साल गर्मियों में इसमें बड़ी संख्या में फल लगते हैं. साथ ही उन्होंने इसके कई फायदे भी बताएं हैं. कैसे गर्मी के लिए यह फल रामबाण है.
झप्सी महतो के अनुसार बेली के फायदे
झप्सी महतो ने बतलाया कि बेली का शरबत भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से शरीर को बचाने का रामबाण इलाज है. इसके नियमित सेवन से हाजमा ठीक रहता है और शरीर में ताजगी बनी रहती है. झप्सी महतो बताते हैं कि लोग अक्सर इसके बीज फेंक देते हैं. जबकि इनमें भी भरपूर विटामिन पाए जाते हैं. इसे फोड़कर सीधे खाया भी जा सकता है.
बिना देख-रेख के फलता-फूलता है बेली
झप्सी महतो बताते हैं कि इस पेड़ की खासियत यह है कि इसके लिए किसी विशेष खाद या देख-रेख की जरूरत नहीं पड़ती. बस बीज मिट्टी में डाल देने से यह आसानी से उग आता है. फल पकने के बाद खुद-ब-खुद जमीन पर गिर जाते हैं. उनके परिवार के साथ-साथ पूरा गांव इस फल का आनंद उठाता है. उनका मानना है कि हर घर के बाहर यदि जगह हो, तो बेली का पेड़ जरूर लगाना चाहिए, जो गर्मियों में मुफ्त में स्वास्थ्य का खजाना प्रदान करता है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें