Last Updated:
Goat Vs Cow Milk: ज़्यादातर लोग गाय का दूध पीते हैं, लेकिन हाल के सालों में बकरी के दूध की लोकप्रियता भी बढ़ी है. कई लोगों का मानना है कि बकरी का दूध आसानी से पच जाता है और पेट के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद होता है.
Goat Vs Cow Milk: दूध को एक संपूर्ण आहार माना जाता है क्योंकि इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन और कई पोषक तत्व होते हैं, जो सेहत के लिए काफी जरूरी होते हैं. भारत में ज़्यादातर लोग गाय का दूध पीते हैं, लेकिन हाल के सालों में बकरी के दूध की लोकप्रियता भी काफ़ी बढ़ी है. कई लोगों का मानना है कि बकरी का दूध आसानी से पच जाता है और पेट के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद होता है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि पाचन के लिए कौन सा दूध बेहतर है बकरी का दूध या गाय का दूध? आइए जानते हैं दोनों के बीच के अंतर…
बकरी का दूध क्यों माना जाता है हल्का?: बकरी के दूध में फैट के कण गाय के दूध की तुलना में छोटे होते हैं. इस वजह से यह पेट में जल्दी पच जाता है और पाचन तंत्र को इसे प्रोसेस करने में कम मेहनत करनी पड़ती है. इसके अलावा, बकरी के दूध में मौजूद प्रोटीन की संरचना भी थोड़ी अलग होती है, जिससे कुछ लोगों के लिए इसे पचाना आसान हो जाता है.
गाय के दूध की तुलना में बकरी के दूध में लैक्टोज़ की मात्रा थोड़ी कम होती है. इसलिए, जिन लोगों को लैक्टोज़ से हल्की-फुल्की परेशानी होती है, उन्हें यह ज़्यादा आरामदायक लग सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गाय के दूध के फ़ायदे: गाय का दूध पोषण का एक बेहतरीन स्रोत है. इसमें कैल्शियम, विटामिन B12, फ़ॉस्फ़रस और अच्छी क्वालिटी का प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है. इसे बच्चों की बढ़त और हड्डियों के विकास के लिए बहुत फ़ायदेमंद माना जाता है. लेकिन कुछ लोगों को गाय के दूध में पाए जाने वाले प्रोटीन और लैक्टोज़ को पचाने में परेशानी हो सकती है, जिससे पेट फूलने, गैस या बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
किसे पीना चाहिए?: एक्सपर्ट के मुतबिक अगर आपका पाचन तंत्र संवेदनशील है या दूध पीने के बाद अक्सर पेट में भारीपन महसूस होता है, तो बकरी का दूध आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है. हालांकि, अगर आप गाय का दूध आसानी से पचा लेते हैं, तो इसे छोड़ने की कोई खास ज़रूरत नहीं है.
ध्यान रखें कि दोनों तरह के दूध पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और किसी एक को “सबसे अच्छा” कहना हर किसी के लिए सही नहीं होगा. यह काफी हद तक व्यक्ति की पाचन क्षमता और स्वास्थ्य की स्थिति पर निर्भर करता है.