नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर अपनी फिटनेस और शानदार एक्टिंग के साथ-साथ अपने स्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनके स्टाइल के पीछे किसका हाथ है? इसका खुलासा खुद एक्टर ने किया है. अनिल कपूर ने बताया कि उनकी बेटी रिया कपूर ही उन्हें स्टाइल करती हैं. इतना ही नहीं, वह घर के बाकी लोगों के लुक का भी पूरा ध्यान रखती हैं.
हाल ही में शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में अनिल ने अपनी दोनों बेटियों सोनम और रिया के बचपन का एक मजेदार किस्सा भी सुनाया.
बचपन से ही फैशन की शौकीन थीं सोनम और रिया
शो के दौरान एक कंटेस्टेंट दिव्यांशी ने अनिल कपूर से पूछा कि क्या सोनम कपूर और रिया कपूर भी बचपन में कपड़ों को लेकर आपस में लड़ती थीं. दरअसल, दिव्यांशी ने बताया था कि वह और उनकी बहन अक्सर कपड़ों को लेकर लड़ते रहते हैं. इस पर अनिल ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों की पसंद बचपन से ही अलग थी. इसलिए उनके बीच कपड़ों को लेकर ऐसी लड़ाइयां नहीं होती थीं.
अनिल ने बताया कि सोनम को बचपन से ही तैयार होने का बहुत शौक था. वहीं रिया अपनी गुड़ियों को सजाने और उनके अलग-अलग लुक तैयार करने में घंटों बिताती थीं. वह कभी इस काम से थकती भी नहीं थीं. एक्टर के मुताबिक, रिया आज भी बिल्कुल वैसी ही हैं.
रिया कपूर करती हैं पिता अनिल कपूर की स्टाइलिंग
अनिल कपूर ने बताया कि रिया भले ही खुद ट्रैक पैंट और टी-शर्ट पहनना पसंद करती हों, लेकिन परिवार के बाकी लोगों को क्या पहनना है, यह वही तय करती हैं. एक्टर ने कहा कि रिया उन्हें भी स्टाइल करती हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने जिन नए डिजाइनर्स और स्टाइलिस्ट के साथ काम किया है, उनमें से कई को रिया ने ही उनके पास भेजा था.
अनिल ने बेटी की तारीफ करते हुए कहा कि रिया बहुत परफेक्शनिस्ट हैं. जब तक उन्हें कोई लुक पसंद नहीं आता, वह अलग-अलग चीजें ट्राई करती रहती हैं. एक्टर ने यह भी बताया कि जब रिया और सोनम साथ काम करती हैं, तो दोनों की जोड़ी कमाल कर देती है.
फैशन की दुनिया में खास पहचान रखती हैं दोनों बहनें
सोनम कपूर और रिया कपूर की जोड़ी फैशन की दुनिया में काफी मशहूर है. सोनम को उनके स्टाइल और फैशन सेंस के लिए जाना जाता है, जबकि रिया उनके कई खास लुक्स के पीछे रहती हैं. दोनों बहनों ने मिलकर हाई फैशन, ट्रेडिशनल भारतीय कपड़ों और रोजमर्रा के आउटफिट्स को एक नया अंदाज दिया है.
दोनों ने साथ मिलकर ‘रीसोन’ नाम का क्लोदिंग लेबल भी शुरू किया था. इसका मकसद भारतीय युवतियों के लिए ऐसे कपड़े तैयार करना था, जो स्टाइलिश होने के साथ आरामदायक और किफायती भी हों. इस ब्रांड में अलग-अलग बॉडी टाइप को ध्यान में रखकर कपड़े डिजाइन किए जाते हैं.