Nana Patekar political views with PM Modi BJP and Shiv Sena: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया. गोवा में उनके घर पर वह बेहोश मिले थे और अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई. उनके निधन की खबर के बाद फिल्म जगत से लेकर राजनीति तक तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाना को बेबाक और अपने विश्वास के मुताबिक खुलकर बोलने वाला व्यक्ति बताया. नाना पाटेकर की पहचान सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर नहीं थी. वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय खुलकर रखते थे. इसी वजह से उनके पुराने राजनीतिक बयान एक बार फिर चर्चा में हैं.
पिता कांग्रेस के थे, नाना खुद शिवसैनिक
मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, जनवरी 2024 में नाना पाटेकर से जब राजनीति और उनके विचारों को लेकर सवाल किया गया था, तब उन्होंने अपने परिवार और अपनी पुरानी राजनीतिक पसंद के बारे में खुलकर बात की थी. नाना ने साफ कहा था कि उनके पिता कट्टर कांग्रेसी थे, जबकि वह खुद कट्टर शिवसेना वाले रहे थे. लेकिन उस समय जब उनसे मौजूदा राजनीति पर राय पूछी गई तो उन्होंने BJP को लेकर भी अपनी राय नहीं छिपाई.
फिर BJP से क्यों जगी नाना को उम्मीद?
नाना पाटेकर ने उस इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें भरोसा है कि BJP कुछ अच्छा करेगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के काम करने के तरीके की तारीफ की थी. उनकी बात का एक महत्वपूर्ण हिस्सा यह भी था कि वह किसी राजनीतिक पार्टी के नहीं हैं. यानी मोदी और BJP की तारीफ को उन्होंने किसी पार्टी की सदस्यता या राजनीतिक निष्ठा के तौर पर पेश नहीं किया था. नाना का कहना था कि राजनीति से बाहर रहकर व्यक्ति अपने विचार खुलकर रख सकता है. राजनीति में जाने के बाद पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति जवाबदेही बढ़ जाती है और अपनी हर बात उसी तरह कहना आसान नहीं रहता.
पीएम मोदी के मुरीद कैसे बने थे नाना पाटेकर ?
नाना पाटेकर के जीवन के शुरुआत में शिवसेना से जुड़ाव तो रहे, लेकिन समय के साथ नाना पाटेकर का झुकाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और बीजेपी के कुछ निर्णयों ने उनके विचारों में बदलाव भी किए, जिसमें कुछ बातें नाना के विचार को मेल खाती थीं. जैसे-
- राष्ट्रवाद और देशहित सर्वोपरि: नाना पाटेकर खुद भारतीय प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में कारगिल युद्ध के दौरान मेजर के रूप में सेवाएं दे चुके थे. देश की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान और आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख को लेकर वे हमेशा मुखर रहे. पीएम मोदी की ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति और सेना को लेकर उनके फैसलों के नाना पाटेकर बहुत बड़े प्रशंसक बन गए थे.
- पीएम मोदी की कार्यशैली और कड़े फैसले: नाना पाटेकर को राजनीति में हिचकिचाहट के बजाय कड़े और सीधे फैसले पसंद थे. उन्होंने कई मौकों पर पीएम मोदी की इच्छाशक्ति और देश के विकास के लिए उठाए गए कदमों की खुले दिल से तारीफ की थी.
- किसानों की समस्या और सरकारी नीतियां: महाराष्ट्र में सूखा पीड़ित किसानों की मदद के लिए नाना पाटेकर ने नाम फाउंडेशन (Naam Foundation) की शुरुआत की थी. किसानों की दुर्दशा को लेकर वे हमेशा संवेदनशील रहे. जब भी केंद्र या राज्य सरकार (जिसमें भाजपा शामिल रही) ने ग्रामीण विकास या जल संरक्षण के लिए सकारात्मक नीतियां बनाईं, नाना ने राजनीति से ऊपर उठकर उनकी सराहना की.
पीएम मोदी की हर बात से सहमत भी नहीं थे नाना
नाना पाटेकर के राजनीतिक विचारों में खुलापन इस बात से भी समझा जा सकता है कि वह एक तरफ बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम की तारीफ करते थे, तो दूसरी तरफ हर बात से सहमत होना जरूरी नहीं मानते थे. निधन से कुछ दिन पहले, 4 अक्टूबर को गोवा के एक कार्यक्रम में दिए भाषण में उन्होंने कहा था कि उन्हें पीएम मोदी की कुछ बातें पसंद हैं, जबकि कुछ बातें पसंद नहीं हैं. नाना का मानना था कि जिस बात से सहमति न हो, उसका विरोध भी खुलकर और सभ्य तरीके से किया जाना चाहिए. उनके लिए असहमति लोकतांत्रिक प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा थी. यही वजह है कि उनके राजनीतिक विचारों को किसी एक दल या खेमे से जोड़कर देखना आसान नहीं था. वह किसी नेता के हर फैसले का समर्थन करने के बजाय अपनी पसंद और असहमति, दोनों को खुलकर सामने रखने में विश्वास करते थे.
पीएम मोदी ने ‘क्रांतिवीर’ को दी श्रद्धांजलि
उनके अचानक निधन पर दुख जताते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘इंडिया मोबाइल कांग्रेस’ में अपने संबोधन के दौरान कहा कि नाना पाटेकर का जीवन ‘तिरंगे’ की आन-बान और शान के लिए समर्पित रहा. उन्होंने समाज की बुराइयों के खिलाफ अपनी फिल्मों के माध्यम से प्रहार किया, जिसके लिए उन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा.
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यक्त किए गए शोक संदेश और श्रद्धांजलि को आप इस वीडियो में देख सकते हैं:
राजनीति में क्यों नहीं उतरे नाना पाटेकर?
नाना को कई बार चुनाव लड़ने और राजनीति में आने के ऑफर मिले थे. लेकिन उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी. एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने खुद कहा था कि वह राजनीति में ज्यादा दिन नहीं टिक पाएंगे, क्योंकि उनके मन में जो आता है वह सीधे बोल देते हैं. यही बेबाकी उनकी पहचान भी बनी रही. एक तरफ वह बालासाहेब ठाकरे के करीबी रहे और खुद को कभी कट्टर शिवसैनिक बता चुके थे, दूसरी तरफ उन्होंने मोदी, अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के काम की तारीफ की थी. वहीं बाद के समय में मोदी की कुछ बातों से असहमति भी जताई थी.