Last Updated:
साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस निवेथा पेथुराज ने किया हैरान करने वाला खुलासा! एक समय ऐसा आया था जब वो हमेशा के लिए एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कहना चाहती थीं, लेकिन फिर एक फिल्म ने उनकी जिंदगी और करियर दोनों बदल दिए. जानिए आखिर क्यों वो आध्यात्म की राह पर जाने वाली थीं और किस शख्स ने उन्हें दोबारा सिनेमा में लौटने का हौसला दिया.
नई दिल्ली: साउथ फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस निवेथा पेथुराज ने एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि साल 2023 में वो फिल्म इंडस्ट्री को हमेशा के लिए अलविदा कहने वाली थीं. लेकिन फिर किस्मत बदली और उन्हें डायरेक्टर सिंगीतम श्रीनिवास राव की फिल्म ‘सिंग गीतम’ में काम करने का मौका मिला. इस फिल्म ने डूबते हुए करियर को न सिर्फ बचाया, बल्कि उसे एक नई दिशा भी दे दी.
फिल्म ‘सिंग गीतम’ की कामयाबी के बाद रखी गई एक थैंक्सगिविंग पार्टी में निवेथा ने अपने दिल की बात शेयर की. उन्होंने कहा कि एक वक्त ऐसा आ गया था जब वो एक्टिंग की दुनिया से बहुत दूर चले जाना चाहती थीं.
क्या बोलीं निवेथा
उनके मुताबिक, जिंदगी कभी-कभी हमें ऐसे रास्तों पर ले आती है, जहां से हमें अपने लिए सही मंजिल का रास्ता दिखने लगता है. निवेथा ने कहा कि अगर उन्होंने उस समय सिनेमा छोड़ने का अपना फैसला नहीं बदला होता, तो आज वो इस बेहतरीन फिल्म का हिस्सा नहीं बन पातीं.
प्रोड्यूसर नाग अश्विन ने बढ़ाया हौसला
निवेथा ने फिल्म के प्रोड्यूसर नाग अश्विन का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया. उन्होंने बताया कि नाग अश्विन ने ही उनके अंदर दोबारा भरोसा जगाया और उन्हें एक्टिंग की दुनिया में वापस लौटने के लिए मनाया. इस दौरान एक्ट्रेस काफी इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा कि अगर नाग अश्विन का साथ नहीं मिला होता, तो शायद आज वो किसी शांत जगह पर अध्यात्म की जिंदगी जी रही होतीं. उन्होंने माना कि वो एक बिल्कुल अलग तरह की लाइफ जीने की सोच रही थीं, लेकिन अब वो पूरे जोश और भरोसे के साथ अपने करियर में वापस लौट आई हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्होंने खुद इस फिल्म को देखा, तो वो अपने जज्बातों को रोक नहीं पाईं. फिल्म की कहानी और उसका मैसेज सीधे उनके दिल को छू गया. उनके मुताबिक, यह फिल्म आज के समय की कई बड़ी सामाजिक और पर्यावरण से जुड़ी दिक्कतों को सामने लाती है. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से एक खास अपील भी की कि हर बच्चे के जन्म पर एक पौधा जरूर लगाया जाए, ताकि हमारे पर्यावरण को बचाया जा सके.
म्यूजिक से है खास लगाव
निवेथा ने बताया कि उन्हें संगीत पर आधारित फिल्मों और म्यूजिक इवेंट्स से बहुत ज्यादा लगाव है. वो अक्सर लंदन में होने वाले म्यूजिक फेस्टिवल्स में जाती रहती हैं और हमेशा चाहती थीं कि भारत में भी ऐसे प्रोग्राम हों. ऐसे में ‘सिंग गीतम’ जैसी म्यूजिकल फिल्म में काम करना उनके लिए एक बेहद खूबसूरत और खास अहसास रहा.
डायरेक्टर को बताया ‘गुरुओं का गुरु’
पार्टी के दौरान निवेथा ने डायरेक्टर सिंगीतम श्रीनिवास राव की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने डायरेक्टर को “डायरेक्टर्स का डायरेक्टर” यानी गुरुओं का गुरु बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना उनके करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है. आखिरी में उन्होंने फिल्म की पूरी टीम का धन्यवाद किया और कहा कि उन पर भरोसा जताने के लिए वो सभी की हमेशा शुक्रगुजार रहेंगी.
About the Author
मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें