पटना: वजन कम करने या पेट बाहर ना निकले, इसके लिए ज्यादातर लोग सबसे पहले अपनी थाली से चावल हटाकर रोटी खाना शुरू कर देते हैं. आम धारणा है कि चावल खाने से वजन तेजी से बढ़ता है, जबकि रोटी वजन घटाने में मदद करती है, लेकिन क्या यह सच है? इसे समझने के लिए लोकल 18 ने जय प्रभा मेदांता सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायटीशियन प्रिया दुबे से बातचीत की. उनका कहना है कि वजन बढ़ने या घटने का फैसला केवल रोटी या चावल नहीं करते, बल्कि आपकी पूरी लाइफस्टाइल, खानपान और फिजिकल एक्टिविटी अहम भूमिका निभाती है.
रोटी और चावल में क्या है अंतर?
प्रिया दुबे बताती हैं कि चावल पचाने में आसान होता है. खासकर सफेद चावल जल्दी डाइजेस्ट हो जाता है, लेकिन इसमें फाइबर और प्रोटीन की मात्रा कम होती है. दूसरी ओर, गेहूं की रोटी फाइबर का अच्छा स्रोत है. इसमें प्रोटीन और विटामिन-बी भी मौजूद होते हैं. इससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख कम लगती है.
वजन कम करना है तो सिर्फ चावल छोड़ना काफी नहीं
एक्सपर्ट के अनुसार, अगर आपका लक्ष्य वजन कम करना है तो केवल चावल छोड़ देने से फायदा नहीं होगा. इसके लिए पूरी लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी है. नियमित व्यायाम या शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त पानी पीना, अच्छी नींद लेना और संतुलित आहार अपनाना सबसे ज्यादा जरूरी है.
उनका कहना है कि भारतीय लोगों की थाली में अक्सर कार्बोहाइड्रेट की मात्रा जरूरत से ज्यादा होती है. रोटी, चावल और आलू जैसे फूड आइटम ज्यादा होते हैं, जबकि प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स की मात्रा कम रह जाती है. यही कारण है कि कई लोगों में विटामिन-डी और विटामिन-बी12 की कमी भी देखने को मिलती है.
डायटीशियन प्रिया दुबे सलाह देती हैं कि रोजाना के भोजन में दूध और दूध से बने उत्पाद, हरी पत्तेदार सब्जियां, सलाद, दाल, स्प्राउट्स, सत्तू और अन्य प्रोटीन वाले फूड शामिल करें. जो लोग अंडा खाते हैं, उन्हें नियमित रूप से अंडा भी खाना चाहिए. संतुलित आहार अपनाने से वजन को कंट्रोल रखने के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं.
कैलोरी के हिसाब से कौन बेहतर?
एक सामान्य गेहूं की रोटी में लगभग 70 से 100 कैलोरी होती है. वहीं, एक कप पके हुए चावल में करीब 130 से 200 कैलोरी होती है. हालांकि, यह मात्रा चावल के प्रकार और परोसने की मात्रा पर निर्भर करती है. सफेद चावल में फाइबर कम होता है, जबकि ब्राउन राइस में फाइबर और अन्य पोषक तत्व अधिक होते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि केवल कैलोरी देखकर किसी एक खाद्य पदार्थ को अच्छा या बुरा नहीं कहा जा सकता. सबसे जरूरी बात यह है कि आप कितनी मात्रा में और किन चीजों के साथ उसे खा रहे हैं.
ब्लड शुगर पर भी पड़ता है असर
सफेद चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स अधिक होता है. इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है. हालांकि, अगर चावल को दाल, हरी सब्जी, दही या अन्य प्रोटीन वाले फूड आइटम के साथ खाया जाए तो ब्लड शुगर पर इसका असर काफी हद तक कंट्रोल हो जाता है. वहीं, रोटी के साथ भी पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर लेना जरूरी है, ताकि भोजन संतुलित बना रहे.
क्या पूरी तरह चावल छोड़ देना चाहिए?
प्रिया दुबे के अनुसार, चावल पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है. अगर मात्रा नियंत्रित रखी जाए और उसके साथ पर्याप्त प्रोटीन, सब्जियां और हेल्दी फैट्स लिए जाएं तो चावल भी संतुलित आहार का हिस्सा बन सकता है. इसी तरह रोटी भी तभी फायदेमंद है, जब उसे संतुलित भोजन के साथ खाया जाए.
क्या है विशेषज्ञ की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि वजन घटाने के लिए किसी एक खाने को दोष देना सही नहीं है. रोटी और चावल दोनों कार्बोहाइड्रेट के स्रोत हैं. सही मात्रा, संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी और अच्छी नींद ही शरीर के वजन को कंट्रोल में रख सकते हैं. इसलिए रोटी और चावल में किसी एक को पूरी तरह छोड़ने के बजाय बैलेंस और पौष्टिक थाली अपनाना ज्यादा जरूरी है.