Last Updated:
बॉलीवुड के नवाब सैफ अली खान ने आखिरकार सालों तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने के बाद इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बना लिया है. अपने पहले ही पोस्ट में सैफ ने पटौदी पैलेस की लाइब्रेरी से अपनी कुछ खास तस्वीरें शेयर की हैं, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा है. सैफ के इस धमाकेदार सोशल मीडिया डेब्यू से उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं. जानिए उन्होंने सबसे पहले किसे फॉलो किया है.
सैफ अली खान ने इंस्टाग्राम पर बनाया अकाउंट. (फोटो साभार: Instagram@saifalikhanpataudi)
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान ने आखिरकार सोशल मीडिया पर ऑफिशियल एंट्री कर ली है. उन्होंने हमेशा इंटरनेट की दुनिया से दूरी बनाकर रखी, लेकिन अब उनका इंस्टाग्राम पर डेब्यू हो चुका है. इसके साथ ही उन्होंने पहले पोस्ट में अपनी लेटेस्ट तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह पटौदी लाइब्रेरी में नजर आ रहे हैं. लंबे समय से बाद फैंस उनके इंस्टाग्राम पर आते ही बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं और उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं.
अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए सैफ अली खान ने कैप्शन में लिखा, ‘पटौदी लाइब्रेरी… किताबों को उनके कवर से आंकते हुए’. पहली फोटो में वह लाइब्रेरी में नजर आ रहे हैं और दूसरी तस्वीर में सैफ को आराम से बैठकर बुक पढ़ते हुए देखा जा सकता है.
सैफ अली खान का इंस्टाग्राम अकाउंट.
सैफ अली खान ने करीना कपूर को किया फॉलो
सैफ अली खान अक्सर अपनी पत्नी करीना कपूर खान के इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीरों के जरिए नजर आते रहते थे, लेकिन अब तक उनका खुद का कोई ऑफिशियल पब्लिक अकाउंट नहीं था. इंस्टाग्राम पर आते ही सैफ ने जिस पहली शख्सियत को फॉलो किया, वो बेशक करीना कपूर ही हैं और करीना ने भी तुरंत उन्हें फॉलो कर लिया है.
सीक्रेट अकाउंट चलाते थे सैफ अली खान
साल 2024 में एचटी सिटी को दिए एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने खुलासा किया था कि उनका एक सीक्रेट इंस्टाग्राम अकाउंट है, जिसे वो कभी-कभार सिर्फ रील्स या कंटेंट देखने के लिए इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि सोशल मीडिया की लत बड़ी जल्दी लगती है और इसी वजह से वो पब्लिक प्लेटफॉर्म से दूरी बनाए हुए थे.
सैफ अली खान को पसंद नहीं है सोशल मीडिया
उन्होंने बताया था, ‘मेरे फोन में इंस्टाग्राम ऐप और एक सीक्रेट अकाउंट तो है. मैं कभी-कभार इसे चलाता जरूर हूं, लेकिन मुझे इसमें बहुत ज्यादा मजा नहीं आता. हर बार इसे थोड़ी देर देखने के बाद सोचता हूं कि डिलीट कर दूं, पर फिर डिलीट कर नहीं पाता.’ सैफ ने आगे कहा कि ‘मैं इस चक्कर में नहीं पड़ना चाहता जहां मुझे दूसरों की चीजें या प्रोजेक्ट्स प्रमोट करने पड़ें. मुझे इस बात से सुकून मिलता है कि कोई मुझसे प्रमोशन के लिए नहीं कहता, क्योंकि सबको पता है कि मैं सोशल मीडिया पर हूं ही नहीं. इससे मुझे काफी शांति मिलती है.’
‘हैवान’ में अक्षय कुमार संग सैफ अली खान ने किया काम
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान को हाल ही में प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में देखा गया था, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार भी नजर आए थे. करीब 17 साल बाद बड़े पर्दे पर आई इस जोड़ी की फिल्म सितंबर में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर सैफ अली खान की ‘हैवान’ बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई.
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें