खुशी बैशांडर (ग्वालियर, हेल्थ डेस्क),
Winter UTI Alert: सर्दियों का मौसम आते ही अक्सर महिलाएं पानी पीना कम कर देती हैं. ठंड के कारण प्यास कम लगती है और कई बार महिलाएं लंबे समय तक पेशाब भी रोककर रखती हैं. यही आदतें यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन यानी UTI के जोखिम को बढ़ा सकती हैं. खासकर डायबिटीज से पीड़ित महिलाओं और मेनोपॉज के दौर से गुजर रही महिलाओं को इस समस्या के प्रति अधिक सतर्क रहने की जरूरत है. आखिर सर्दियों में UTI का खतरा क्यों बढ़ सकता है और महिलाएं इससे बचने के लिए क्या सावधानियां बरतें? इस बारे में ग्वालियर की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. किशवर सुल्ताना ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं.
क्या होता है UTI और किन महिलाओं को है ज्यादा खतरा?
डॉ. किशवर सुल्ताना, सीनियर कंसल्टेंट एवं गायनी ऑन्कोलॉजिस्ट, बीआईएमआर हॉस्पिटल ग्वालियर, बताती हैं कि UTI यानी यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन पेशाब के रास्ते में होने वाला संक्रमण है. यह समस्या छोटी बच्चियों से लेकर मेनोपॉज तक की महिलाओं में देखी जा सकती है.
उनके मुताबिक, अगर किसी महिला को छह महीने में दो या उससे अधिक बार UTI होता है, तो इसे रिकरेंट UTI की श्रेणी में रखा जा सकता है. बार-बार होने वाले संक्रमण को नजरअंदाज करने के बजाय इसकी वजह जानना और उचित इलाज कराना जरूरी है.
सर्दियों में पानी कम पीना पड़ सकता है भारी
ठंड के मौसम में प्यास कम लगने के कारण कई महिलाएं पर्याप्त पानी नहीं पीतीं. इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है और पेशाब कम होने से यूरिनरी सिस्टम की प्राकृतिक सफाई प्रभावित हो सकती है.
डॉ. सुल्ताना के अनुसार, महिलाओं को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और पेशाब को लंबे समय तक रोककर नहीं रखना चाहिए. नियमित अंतराल पर पेशाब करना और शरीर को हाइड्रेटेड रखना UTI से बचाव में मददगार हो सकता है.
डायबिटीज और मेनोपॉज वाली महिलाओं को ज्यादा सावधानी की जरूरत
डॉक्टर बताती हैं कि डायबिटीज से पीड़ित महिलाओं में UTI का जोखिम अधिक हो सकता है. इसलिए ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है. इसके अलावा मेनोपॉज के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने से यूरिनरी ट्रैक्ट की प्राकृतिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. ऐसे में बार-बार संक्रमण होने की आशंका बढ़ सकती है. ऐसी महिलाओं को अपने डॉक्टर से सलाह लेकर उचित उपचार और बचाव के विकल्प अपनाने चाहिए.
सार्वजनिक शौचालय इस्तेमाल करते समय रखें इन बातों का ध्यान
सफर या बाहर घूमने के दौरान महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ता है. ऐसे में साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है.
जहां तक संभव हो, साफ और स्वच्छ शौचालय का इस्तेमाल करें.
पेशाब के बाद आगे से पीछे की ओर सफाई करें.
हाथों को साबुन से अच्छी तरह साफ करें.
गीले या गंदे अंडरगारमेंट्स लंबे समय तक न पहनें.
प्राइवेट पार्ट की सफाई के लिए तेज खुशबू वाले केमिकल या इंटिमेट वॉश का अनावश्यक इस्तेमाल न करें.
ध्यान रखें कि UTI आमतौर पर बैक्टीरिया के यूरिनरी ट्रैक्ट में पहुंचने से होता है. केवल सार्वजनिक टॉयलेट की सीट इस्तेमाल करने से UTI होना सामान्य संक्रमण का तरीका नहीं है.
पेशाब रोकने की आदत भी बढ़ा सकती है परेशानी
डॉक्टर के मुताबिक, कई महिलाएं व्यस्तता या सार्वजनिक शौचालय के इस्तेमाल से बचने के कारण लंबे समय तक पेशाब रोककर रखती हैं. यह आदत ठीक नहीं है. इसके अलावा किडनी या यूरिनरी ट्रैक्ट में पथरी, पेशाब की थैली का पूरी तरह खाली न होना और प्रोलैप्स यूट्रस जैसी समस्याएं भी बार-बार UTI होने की वजह बन सकती हैं. इसलिए अगर पेशाब करने में परेशानी हो या बार-बार संक्रमण हो रहा हो, तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है.
UTI के लक्षण दिखें तो खुद से न लें एंटीबायोटिक
डॉ. सुल्ताना महिलाओं को खास सलाह देती हैं कि पेशाब में जलन, बार-बार पेशाब आने की इच्छा, पेशाब के दौरान दर्द या अन्य परेशानी होने पर खुद से एंटीबायोटिक दवाएं न लें.
डॉक्टर की सलाह पर यूरिन रूटीन और यूरिन कल्चर जैसे टेस्ट करवाने पड़ सकते हैं. जरूरत के अनुसार अन्य जांच भी की जाती हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर ही सही एंटीबायोटिक और इलाज तय किया जाना चाहिए. बुखार, ठंड लगना, कमर या पीठ के एक तरफ दर्द, उल्टी या बहुत ज्यादा कमजोरी जैसे लक्षण हों तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें.
महिलाओं के लिए डॉक्टर की 5 जरूरी सलाह
सर्दियों में भी पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.
पेशाब को ज्यादा देर तक रोककर न रखें.
डायबिटीज है तो ब्लड शुगर नियंत्रित रखें.
व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई का ध्यान रखें.
UTI के लक्षण होने पर खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करें.
सर्दियों में सेहत का ख्याल रखना सिर्फ गर्म कपड़े पहनने तक सीमित नहीं है. पर्याप्त पानी पीना, सही हाइजीन अपनाना और शरीर के संकेतों को समझना भी बेहद जरूरी है. थोड़ी सी सावधानी महिलाओं को बार-बार होने वाले यूरिन इन्फेक्शन से बचाने में मदद कर सकती है.