Never Take These Medicines Without Food: जब किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होती है, तब उसे डॉक्टर दवाएं देते हैं. दवाएं बीमारियों को ठीक करने में मदद करती हैं. अगर आप दवा सही तरीके से लेंगे, तो शरीर को फायदा मिलेगा, जबकि गलत तरीके से दवा लेने से सेहत को नुकसान भी हो सकता है. कई लोग जल्दीबाजी या जानकारी की कमी के कारण खाली पेट दवाएं खा लेते हैं, जबकि कुछ दवाओं को खाने के बाद लेने की सलाह दी जाती है. ऐसे में सवाल उठता है कि कौन-सी दवाएं खाली पेट नहीं लेनी चाहिए और अगर गलती से ले ली जाएं तो शरीर पर क्या असर पड़ सकता है?
दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ. राकेश गुप्ता ने News18 को बताया हर दवा का शरीर में काम करने का तरीका अलग होता है. कुछ दवाएं खाने के साथ बेहतर तरीके से अवशोषित होती हैं. अगर इन दवाओं को खाली पेट लिया जाए, तो पेट की परत को नुकसान पहुंच सकता है. दर्द, बुखार और सूजन के लिए इस्तेमाल होने वाली कई सामान्य दर्द निवारक दवाएं खाली पेट लेने पर पेट में जलन, गैस, एसिडिटी और कुछ मामलों में अल्सर का जोखिम बढ़ा सकती हैं. यही कारण है कि डॉक्टर अक्सर इन्हें खाने के बाद लेने की सलाह देते हैं. अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से ऐसी दवाएं खाली पेट लेता है, तो लंबे समय में पेट की अंदरूनी परत प्रभावित हो सकती है और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
डॉक्टर गुप्ता के मुताबिक सभी एंटीबायोटिक दवाएं एक जैसी नहीं होती हैं. कुछ दवाएं खाने के साथ लेने पर बेहतर काम करती हैं और पेट की परेशानी कम करती हैं. खाली पेट लेने पर कुछ लोगों को मतली, पेट दर्द, उल्टी या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि कुछ एंटीबायोटिक्स ऐसी भी होती हैं, जिन्हें डॉक्टर विशेष रूप से खाली पेट लेने की सलाह देते हैं. इसलिए बिना निर्देश के कोई सामान्य नियम नहीं अपनाना चाहिए. इसके अलावा डायबिटीज की कुछ दवाएं खाने से पहले या खाने के साथ लेने के लिए निर्धारित की जाती हैं. अगर इन्हें खाली पेट लिया जाए और बाद में खाना न खाया जाए, तो ब्लड शुगर बहुत कम हो सकता है.
डॉक्टर की मानें तो आयरन की गोलियां तकनीकी रूप से खाली पेट बेहतर अवशोषित हो सकती हैं, लेकिन कई लोगों को इन्हें खाली पेट लेने पर मतली, पेट दर्द, कब्ज या पेट में असहजता महसूस होती है. ऐसे मामलों में डॉक्टर खाने के साथ या हल्के नाश्ते के बाद इन्हें लेने की सलाह दे सकते हैं. इसके अलावा कुछ विटामिन, खासकर फैट में घुलनशील विटामिन A, D, E और K खाने के साथ लेने पर बेहतर तरीके से अवशोषित होते हैं. खाली पेट लेने पर इनका लाभ कम हो सकता है और कुछ लोगों को पेट में असुविधा भी महसूस हो सकती है
एक्सपर्ट के अनुसार कुछ दवाएं खाने के साथ लेनी हों और उन्हें खाली पेट ले लिया जाए, तो कई तरह के साइड इफेक्ट हो सकते हैं. इनमें पेट में जलन, एसिडिटी, गैस, मतली, उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना और कुछ मामलों में दवा के असर में कमी शामिल हो सकती है. कुछ लोगों में पहले से मौजूद पेट की समस्याएं जैसे गैस्ट्राइटिस या अल्सर भी बढ़ सकती हैं. इसलिए दवा लेने के समय को हल्के में नहीं लेना चाहिए. दवा के पैकेट या प्रिस्क्रिप्शन पर दिए गए निर्देशों को हमेशा पढ़ें. अगर डॉक्टर ने भोजन के बाद दवा लेने को कहा है, तो उसे खाली पेट लेने से बचें. किसी भी दवा को लेकर संदेह हो तो डॉक्टर से सलाह लें.