
BJP Attacked on Ajay Rai Controversial Statement: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। इसे लेकर अब सियासी पारा चढ़ गया है। बीजेपी नेताओं ने अजय राय समेत कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस अब माफी मांगने लायक स्थिति में भी नहीं रही है।
दरअसल, अजय राय का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते देखे और सुने जा सकते हैं। गाली देते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, अजय राय ने उनके वीडियो को फेक और एडिटेड बता दिया है।
CM योगी का फूटा गुस्सा
इस बीच भाजपाई अजय राय के अमर्यादित बयान को लेकर गहन नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं।’
माफी मांगने लायक भी नहीं कांग्रेस- CM योगी
उन्होंने आगे आक्रोशित होकर लिखा, ‘कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।’
यही इनकी राजनीति का स्तर- मालवीय
भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा, ‘कुछ दिन पहले जब यूपीपीसीसी चीफ अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। लेकिन आज वही अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए। यही कांग्रेस की राजनीति का स्तर है- शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से।’
ये गांधीवादी नहीं, गालीवादी कांग्रेस- पूनावाला
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘यह गांधीवादी कांग्रेस नहीं, गालीवादी कांग्रेस है। इसलिए राहुल गांधी ने पहले प्रधानमंत्री को गद्दार कहा। मौत का सौदगार कहा। और अब उन्हीं के निर्देश पर जिस तरह की भाषा अजय राय ने इस्तेमाल की है। 150 से ज्यादा गालियां प्रधानमंत्री, उनके ओबीसी समाज, उनके परिवार और उनके माता-पिता को दी गई। यह इसलिए किया जाता है क्योंकि उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई असली मुद्दा नहीं है इसलिए ये गाली पर उतर आते हैं। ये मोहब्बत की दुकान नहीं है, बल्कि गाली-गलौज और नफरत के भाईजान बन चुके हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘एक तरफ अजय राय जब बीमार होते हैं तो प्रधानमंत्री उनका हाल-चाल पूछते हैं, लेकिन दूसरी तरफ वे ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। संस्कार भी अपने-अपने होते हैं।’
क्या है पूरा मामला?
अजय राय शुक्रवार को महोबा दौरे पर एक गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद उन्होंने कुछ लोगों से बात करते हुए पीएम मोदी को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उनकी यह बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने कहा कि ‘जो संविधान पर आक्रमण करता है, जो संविधान नष्ट करता है उसे आप क्या कहेंगे? गद्दार कहेंगे। इसलिए मैंने खुलकर कहा है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने देश का धन अडानी अंबानी को बांटा, देश की संस्थाओं को खत्म किया, वोट चोरी कराई। RSS के लोग सुन लें, आपने कहा कि मुझे माफी मांगनी चाहिए, मैं कभी माफी नहीं मागूंगा। मैं फिर कहूंगा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया।’