मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए अमेरिका – ईरान के बीच जारी बातचीत में सकारात्मक…
सेंसेक्स 232 अंक चढ़ा, निवेशकों को ₹1.30 लाख करोड़ का मुनाफा |
मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए अमेरिका – ईरान के बीच जारी बातचीत में सकारात्मक प्रगति के बावजूद खाड़ी में अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में कहा था कि ईरान के साथ बातचीत अंतिम दौर में है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी संकेत दिया है कि ईरान की स्थिति से जुड़ी कूटनीतिक बातचीत एक रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन दूसरी तरफ ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियय भंडार अमेरिका को सौंपने को तैयार नहीं है।
इससे अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत खतरे में पड़ सकती है। इस वजह से वैश्विक तेल मूल्य सूचकांक ब्रेंट क्रूड में आज 2 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया है और यह 105 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार करता नजर आया।कच्चे तेल में हल्की तेजी के बावजूद भारतीय रूपये में आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूती आयी और बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज शेयरों में तेजी देखने को मिली।
इससे शेयर बाजार में निवेशकों के भरोसे में मजबूती आयी। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। शेयर बाजार में शुक्रवार को बाजार बन्द होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 231.99 अंकों यानी 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,415.35 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 64.60 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,719.30 पर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी मिडकैप 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
शेयर बाजार में भारी उतार चढ़ाव के बीच कारोबार के दौरान एक बार तो सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 627.61 अंक तक उछलकर 75,810.97 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह निफ्टी लगभग 181 अंक उछलकर 23,835.65 के हाई तक चला गया था। पर बाद में बाजार में हल्की गिरावट आ गयी। गुरुवार को तीस शेयरों वाला बीएसई बेंचमार्क 135.03 अंक या 0.18 फीसदी गिरकर 75,183.36 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 4.30 अंक या 0.02 फीसदी फिसलकर 23,654.70 पर आ गया था।
सेक्टरों के आधार पर बाजार की गतिविधियों पर नजर डालें तो निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.49 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.13 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी हेल्थकेयर में 1.52 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। निफ्टी मीडिया में 1.47 प्रतिशत की गिरावट और निफ्टी फार्मा 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हूए।
मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रूपये में आज 51 पैसे की मजबूती आई और यह इंट्राडे में 95.69 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। अंत में रुपया आज 0.54 फीसदी मजबूत होकर 95.68 पर बंद हुआ। गुरुवार को यह 96.20 डॉलर प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.3 फीसदी चढ़कर 104.7 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
स्टॉक मार्केट में आज की तेजी से निवेशकों की दौलत में ₹1.30 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 4,62,83,621.91 करोड़ रुपये हो गया। गुरुवार को मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,61,53,456.249 करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार आज की तेजी से निवेशकों को एक दिन में 1,30,165.661 करोड़ रुपये का लाभ हुआ है।
शेयर मार्केट में आज की तेजी में आज सम्मान कैपिटल, कायन्स टेक और एस्ट्रल लिमिटेड ने क्रमशः 4.67 फीसदी, 4.61 फीसदी और 4.17 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। डिक्सन टेक्नोलॉजी और वरुण बेवरेजेज के शेयरों में भी क्रमशः 4.12 फीसदी और 3.77 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई।
इसके अलावा मैक्स हेल्थकेयर, ग्लेनमार्क, अरबिंदो फार्मा, वन 97 पेटीएम और प्रीमियर एनर्जीज क्रमशः 6.22 फीसदी, 5.60 फीसदी, 5.38 फीसदी, 3.74 फीसदी और 3.12 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-amerika-very-near-to-shakehand/207226