Last Updated:
Winter Health Care Tips: खरगोन के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. संतोष मौर्य ने सर्दियों में फिट और एनर्जेटिक रहने के लिए खानपान, व्यायाम, मालिश और सही समय पर सोने-जागने की दिनचर्या अपनाई जाने की सलाह दी है. जानें
Winter Ayurveda Tips: सर्दियां शुरू होते ही सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं परेशान करने लगती हैं. कई लोग पूरे दिन थकान और सुस्ती भी महसूस करते हैं. इसकी एक बड़ी वजह खानपान और बिगड़ी हुई दिनचर्या हो सकती है. अगर सुबह जागने से लेकर रात को सोने तक कुछ जरूरी नियमों का पालन किया जाए, तो शरीर को स्वस्थ और एक्टिव रखने में मदद मिल सकती है. आयुर्वेद में इसके लिए सदियों पुरानी दिनचर्या बताई गई है.
खरगोन के आयुर्वेद विशेषज्ञ (एमडी) डॉ. संतोष मौर्य ने बताया कि सर्दियों में खानपान, व्यायाम, मालिश और नींद का विशेष ध्यान रखना चाहिए. नियमित दिनचर्या अपनाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है. आयुर्वेद में ब्रह्म मुहूर्त यानी सुबह 4 से 4:30 बजे के बीच जागने का विशेष महत्व बताया गया है. हालांकि, सर्दियों का मौसम है तो सूर्योदय से पहले तक उठ सकते हैं. इसके बाद दैनिक क्रियाओं से निवृत्त हों. धूप निकलने पर हल्का व्यायाम, योग और प्राणायाम करें. इससे शरीर में सक्रियता आती है और दिन की शुरुआत बेहतर होती है.
नहाने से पहले करें तेल मालिश
सर्दियों में त्वचा रूखी होने के साथ उम्रदराज लोगों को जोड़ों में दर्द और शरीर में अकड़न की समस्या भी हो सकती है. ऐसे में नहाने से पहले तिल या सरसों के तेल से हल्की मालिश करना फायदेमंद माना जाता है. इससे त्वचा को नमी मिलती है और शरीर को आराम महसूस होता है. मालिश के बाद गुनगुने पानी से स्नान करें. ठंड के मौसम में बहुत ठंडे पानी के इस्तेमाल से बचें.
सुबह 8 से 9 बजे के बीच करें नाश्ता
सुबह का नाश्ता शरीर को दिनभर काम करने के लिए ऊर्जा देता है. सर्दियों में नाश्ते में गर्म और पौष्टिक चीजें शामिल करनी चाहिए. इसके लिए दलिया, पोहा, उपमा, मूंग दाल का चीला और दूध जैसे विकल्प अच्छे हैं. इसके साथ बादाम, अखरोट और किशमिश जैसे सूखे मेवे भी खा सकते हैं. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं.
दोपहर 12 से 1 बजे के बीच करें भोजन
आयुर्वेद में दोपहर के समय भोजन करने को महत्वपूर्ण माना गया है. इस दौरान पाचन क्षमता बेहतर मानी जाती है. खाने में घर का बना ताजा भोजन शामिल करें. रोटी, चावल, दाल, मौसमी सब्जियां, घी और छाछ को अपनी जरूरत के अनुसार आहार में जगह दें. सर्दियों में बाजरा, ज्वार और मक्का की रोटी भी अच्छे विकल्प हैं. संतुलित भोजन शरीर को पोषण देने के साथ ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है.
शाम को हल्का नाश्ता करना भी जरूरी
कई लोग शाम के समय भूख लगने पर चाय के साथ तली-भुनी चीजें खाने लगते हैं. इसकी जगह शाम 4 से 5 बजे के बीच हल्का और पौष्टिक नाश्ता लें. मौसमी फल, भुने चने, मखाने या सूखे मेवे अच्छे विकल्प हो सकते हैं. इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और रात के भोजन तक भूख भी नियंत्रित रहती है.
रात का खाना 6 से 7 बजे तक कर लें
डॉ. मौर्य के अनुसार, रात का भोजन हमेशा हल्का और सुपाच्य होना चाहिए. कोशिश करें कि शाम 6 से 7 बजे के बीच भोजन कर लें. खाने में हल्की सब्जी, दाल और रोटी जैसे विकल्प रख सकते हैं. देर रात भारी भोजन करने से बचना चाहिए. भोजन के बाद कुछ देर हल्की चहलकदमी करना भी अच्छी आदत है. वहीं, रात 10 बजे तक सोने की आदत डालें. देर रात तक मोबाइल और टीवी देखने से बचें. नियमित समय पर सोने और जागने से शरीर की दिनचर्या बेहतर बनी रहती है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.