Last Updated:
आलिया भट्ट ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. हर बीतते साल के साथ आलिया ने अपने अभिनय का लोहा मनवाया. उन्होंने साल दर साल अपनी हर परफॉर्मेंस के साथ खुदको साबित किया. आज आपको यहां आलिया भट्ट की उन फिल्मों के बारे में बताते हैं जिसने उन्हें सिर्फ ऑडियंस का फेवरेट नहीं बल्कि क्रिटिक्स का भी फेवरेट बना दिया.
नई दिल्ली. आलिया भट्ट ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में की हैं, जिनमें उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों और क्रिटिक्स, दोनों का दिल जीता. कभी उन्होंने फिल्म में मेल लीड एक्टर के सामने अपनी अलग पहचान बनाई, तो कभी पूरी कहानी अपने कंधों पर संभाली. उनकी कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की. इन फिल्मों ने आलिया भट्ट को इंडस्ट्री की सबसे सफल एक्ट्रेसेस की फेहरिस्त में शामिल कर दिया. आज आलिया की ऐसी ही दमदार फिल्मों के बारे में बात करेंगे.
‘गंगूबाई काठियावाड़ी’– सबसे पहले उस फिल्म की बात करते हैं जिसने आलिया भट्ट को नेशनल अवॉर्ड दिलाया. संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ साल 2022 में रिलीज हुई थी. इसमें आलिया भट्ट ने गंगूबाई का किरदार निभाया था. फिल्म में एक ऐसी लड़की की कहानी दिखाई गई, जिसे धोखे से कोठे पर पहुंचा दिया जाता है. आलिया ने अपने दमदार अभिनय से इस किरदार में जान डाल दी थी. इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी. आलिया ने अपने दम पर फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाया था. ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर है.
साल 2018 में आलिया भट्ट की ‘राजी’ आई थी. इस फिल्म में आलिया भट्ट के सामने विक्की कौशल थे. विक्की कौशल ने आलिया के पति का किरदार अदा किया था और एक्ट्रेस फिल्म में हीरो पर भारी पड़ी थी. मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने सहमत नाम की एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया था, जिसकी शादी पाकिस्तान के एक सैन्य परिवार में होती है. फिल्म ने भारत में करीब 122 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और सुपरहिट रही. ‘राजी’ भी नेटफ्लिक्स पर है.
हाईवे (2014) – आलिया भट्ट के करियर में ‘हाईवे’ एक अहम फिल्म रही है. इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने वीरा त्रिपाठी नाम की लड़की का किरदार निभाया था, जिसे शादी से ठीक पहले अगवा कर लिया जाता है. फिल्म में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका में थे. इस फिल्म में आलिया ने अपने अभिनय से साबित किया कि वह सिर्फ ग्लैमरस और रोमांटिक किरदारों तक सीमित नहीं हैं. उनके अभिनय को क्रिटिक्स ने खूब सराहा और उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला. ये अमेजन प्राइम वीडियो पर है.
उड़ता पंजाब (2016)– अभिषेक चौबे की इस फिल्म में आलिया भट्ट ने एक बिहारी प्रवासी मजदूर का किरदार निभाया था, जो पंजाब में नशे के कारोबार और उसके खतरनाक जाल में फंस जाती है. फिल्म में शाहिद कपूर, करीना कपूर और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकार भी थे. आलिया ने अपने किरदार के लिए जिस तरह का हुलिया और अंदाज अपनाया, उसने सभी को हैरान कर दिया. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड भी मिला. ये अमेजन प्राइम वीडियो पर है.
गली बॉय (2019)– जोया अख्तर के निर्देशन में बनी ‘गली बॉय’ में आलिया भट्ट ने सफीना का किरदार निभाया था. ‘गली बॉय’ में रणवीर सिंह एक रैपर की भूमिका में थे, जबकि आलिया उनकी गर्लफ्रेंड के किरदार में नजर आई थीं. सफीना का बेबाक और गुस्सैल अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. फिल्म में आलिया का स्क्रीन टाइम भले ही रणवीर से कम था, लेकिन उन्होंने अपनी मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींचा. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और आलिया को इसके लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला.
About the Author
From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…
और पढ़ें