Health benefits of Bel : जून की झुलसाने वाली गर्मी आते ही हमारे शरीर में पानी की कमी, हर वक्त थकान और कुछ ठंडा-ठाढ़ पीने की तलब होने लगती है. इस मौसम में खुद को हाइड्रेटेड रखना किसी चुनौती से कम नहीं है. वैसे तो मार्केट में कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम के ढेरों ऑप्शन मौजूद हैं, लेकिन वे सेहत को फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे में प्रकृति ने हमें एक ऐसा जादुई तोहफा दिया है, जो बाहर से भले ही किसी सख्त लकड़ी के गोले जैसा दिखता हो, लेकिन अंदर से गुणों का खजाना है. हम बात कर रहे हैं बेल फल (Bael Fruit) की, जिसे गर्मियों का असली ‘सुपरफ्रूट’ कहा जाता है.
अगर आप इस मौसम में पेट की खराबी, लीवर की सुस्ती, बढ़ते कोलेस्ट्रॉल या असंतुलित ब्लड शुगर से परेशान हैं, तो यह चमत्कारी फल आपकी हर समस्या का वन-स्टॉप सॉल्यूशन बन सकता है. आइए जानते हैं कि आखिर क्यों आयुर्वेद से लेकर मॉडर्न साइंस तक, सभी गर्मियों में बेल खाने की सलाह देते हैं.
बहुत ज्यादा मात्रा में बेल का जूस पीने से पेट में ऐंठन हो सकती है.
पेट और लीवर को रखेगा एकदम कूल
बेल फल का सबसे पहला और बड़ा फायदा हमारे डाइजेशन को मिलता है. इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो गर्मियों में होने वाली कब्ज (Constipation), गैस, भारीपन और एसिडिटी को जड़ से खत्म करता है. इसके साथ ही, बेल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स शरीर में जमा टॉक्सिन्स यानी जहरीले पदार्थों को बाहर निकाल देते हैं. यह हमारे लीवर और किडनी को अंदर से डिटॉक्स कर उन्हें बिल्कुल दुरुस्त रखता है. अगर आपको अक्सर पेट साफ न होने की शिकायत रहती है, तो सुबह खाली पेट बेल का ताजा जूस पीना शुरू कर दीजिए.
ब्लड शुगर कंट्रोल करने में करता है मदद
अक्सर गर्मियों के फल जैसे आम या तरबूज खाने से पहले डायबिटीज के मरीजों को सोचना पड़ता है, क्योंकि इनसे शुगर लेवल बढ़ने का डर रहता है. लेकिन बेल के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है. बेल में कुछ ऐसे औषधीय गुण और कम्पाउंड्स पाए जाते हैं, जो ब्लड शुगर को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करने में मदद करते हैं. यह खासकर टाइप-2 डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए एक बेहतरीन समर ड्रिंक है, जो बिना शुगर बढ़ाए शरीर को एनर्जी देता है.
दिल का रखेगा ख्याल, कोलेस्ट्रॉल करेगा कम
आजकल के खराब लाइफस्टाइल में दिल की सेहत का ख्याल रखना सबसे ज्यादा जरूरी है. बेल फल हृदय स्वास्थ्य के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने और ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करता है. दिल की बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए गर्मियों में इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा, इसकी तासीर ठंडी होने के कारण यह मानसिक थकान और स्ट्रेस (चिंता) को भी कम करता है.
कैसे करें इसका सही इस्तेमाल?
ताजा जूस: बेल के गूदे को पानी में मैश करके, छान लें. इसमें थोड़ा सा भुना जीरा और पुदीना मिलाकर सुबह खाली पेट पीएं. शहद के साथ: अगर आपको इसका स्वाद थोड़ा कसैला लगे, तो आप इसमें चीनी की जगह एक चम्मच शहद मिलाकर इसका पोषण और बढ़ा सकते हैं.
बेल का चूर्ण: ऑफ-सीजन में पेट साफ रखने के लिए आप इसके सूखे चूर्ण को हल्के गुनगुने पानी के साथ ले सकते हैं.
हेल्थ सेफ्टी टिप: ध्यान रखें कि 100 ग्राम बेल में लगभग 88% पानी होता है और यह पोषक तत्वों से भरा है. लेकिन किसी भी चीज की अति बुरी होती है. बहुत ज्यादा मात्रा में बेल का जूस पीने से पेट में ऐंठन हो सकती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)