Foods To Avoid With Tea: सुबह-सुबह चाय पीना अधिकतर लोगों को अच्छा लगता है. चाय पीने से नींद उड़ जाती है और लोग खुद को तरोताजा महसूस करते हैं. कुछ लोग सुबह के अलावा दोपहर और शाम को भी चाय पीना पसंद करते हैं. अक्सर लोग चाय के साथ कुछ स्नैक्स लेना पसंद करते हैं. कई लोग सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के स्नैक्स तक हर चीज के साथ चाय पीना पसंद करते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुछ फूड्स को चाय के साथ खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्वों का पूरा फायदा नहीं मिल पाता है. खासतौर पर चाय में मौजूद टैनिन्स और पॉलीफेनॉल्स कुछ पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डाल सकते हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि लोगों को चाय के साथ किन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया चाय अपने आपमें कोई नुकसानदायक ड्रिंक नहीं है, लेकिन इसे किन चीजों के साथ लिया जा रहा है, यह काफी मायने रखता है. आयरन रिच फूड्स, आयरन सप्लीमेंट्स, अत्यधिक तली-भुनी और स्पाइसी फूड्स के साथ चाय का सेवन नहीं करना चाहिए. इससे शरीर में पोषक तत्वों का अब्जॉर्प्शन कम हो जाता है और सेहत को नुकसान हो सकता है. चाय पीते वक्त छोटी-सी सावधानी आपके पोषण और पाचन दोनों को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है.
चाय के साथ इन फूड्स का न करें सेवन
आयरन से भरपूर फूड्स : अगर आप पालक, दाल, राजमा, चना, सोया, बीन्स या अन्य आयरन-से भरपूर फूड्स खा रहे हैं, तो उनके साथ चाय पीने से बचना चाहिए. चाय में मौजूद टैनिन्स नॉन-हीम आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं. लंबे समय तक ऐसी आदत रखने पर आयरन की कमी का जोखिम बढ़ सकता है. खासकर जिन लोगों को पहले से एनीमिया है या उनमें आयरन की कमी है, वे चाय के साथ आयरन रिच फूड्स अवॉइड करें.
आयरन सप्लीमेंट्स : अगर डॉक्टर ने आपको आयरन की गोलियां या सप्लीमेंट्स दिए हैं, तो उन्हें चाय के साथ लेने की गलती न करें. एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि चाय और आयरन सप्लीमेंट के बीच कम से कम 1 घंटे का अंतर होना चाहिए. इससे शरीर आयरन को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है.
ज्यादा तले-भुने और ऑयली स्नैक्स : समोसा, कचौरी, पकौड़े और अन्य तले-भुने स्नैक्स चाय के साथ लोकप्रिय हैं, लेकिन इनका बार-बार सेवन पाचन पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है. ज्यादा तेल और चाय में मौजूद कैफीन का कॉम्बिनेशन कुछ लोगों में एसिडिटी, भारीपन या पेट की असहजता बढ़ा सकता है.
ज्यादा मसालेदार खाना : बहुत ज्यादा मसालेदार खाद्य पदार्थों के साथ चाय पीने से कुछ लोगों में पेट में जलन, एसिड रिफ्लक्स या असहजता की समस्या बढ़ सकती है. अगर आपको पहले से गैस, एसिडिटी या पाचन संबंधी परेशानी रहती है, तो इस कॉम्बिनेशन से बचना बेहतर हो सकता है.
चाय पीने का सही तरीका क्या है?
एक्सपर्ट के अनुसार चाय को मेन मील के तुरंत बाद पीने के बजाय भोजन के 1 घंटे बाद या पहले लेना बेहतर माना जाता है. इससे आयरन जैसे पोषक तत्वों के अवशोषण पर कम असर पड़ता है. साथ ही दिनभर में सीमित मात्रा में चाय का सेवन करना भी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है. अगर आपको पहले से कोई हेल्थ प्रॉब्लम है, तो चाय पीने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए.