Last Updated:
Salt in Tea Good or Bad for Health: चाय में नमक डालकर पीने से इसका स्वाद बदल जाता है. कुछ लोग इसे सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स इसकी सलाह नहीं देते हैं. ज्यादा नमक का सेवन शरीर में सोडियम बढ़ाकर ब्लड प्रेशर और दिल की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है. इसलिए सामान्य चाय का सेवन ही स्वास्थ्य के लिए बेहतर है.
डॉक्टर का साफ कहना है कि नमक वाली चाय पीने से सेहत को कोई फायदा नहीं होता है.
Tea with Salt Benefits and Risks: भारत में करोड़ों लोग रोज चाय पीते हैं. कई लोगों की बिना चाय के नींद ही नहीं खुलती है. देश में ज्यादातर लोग दूध की मीठी चाय पीना पसंद करते हैं. कई लोग फिटनेस फ्रीक होते हैं और वे बिना दूध-चीनी की चाय पीना पसंद करते हैं. कई लोग चाय में नमक डालकर भी पीना पसंद करते हैं. कुछ लोग नमक वाली चाय को सेहत के लिए अच्छा मानते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर चाय में चीनी की जगह या साथ में नमक डाल दिया जाए, तो शरीर पर इसका क्या असर पड़ सकता है? इस बारे में डॉक्टर से जान लेते हैं, ताकि सेहत को किसी तरह का नुकसान न हो.
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर फिजीशियन डॉ. अनिल बंसल ने News18 को बताया नमक डालने से चाय का स्वाद पूरी तरह बदल जाता है. मीठी चाय की जगह इसमें नमकीन स्वाद आ जाता है. अगर इसके फायदे और नुकसान की बात करें, तो चाय में नमक डालने का कोई फायदा नहीं है. अगर आप बार-बार चाय पीते हैं और इसमें नमक डालेंगे, तो इससे सेहत को नुकसान होगा. ज्यादा नमक का सेवन शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ा सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने और दिल पर दबाव पड़ने का खतरा हो सकता है. इसलिए रोज की चाय में नमक मिलाने की आदत को फायदेमंद नहीं माना जाता है.
डॉक्टर ने बताया कि कोई व्यक्ति नियमित रूप से चाय में नमक डालकर पीता है, तो इससे शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ सकता है. अधिक सोडियम हाई ब्लड प्रेशर, पानी की कमी और किडनी पर अतिरिक्त दबाव जैसी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है. अगर आपको लो ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, तब चाय में चुटकी भर नमक डालकर पी सकते हैं. हालांकि रोज की चाय में नमक नहीं डालना चाहिए. चाय को संतुलित मात्रा और बिना चीनी के पीना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. अत्यधिक मीठी या अत्यधिक नमकीन चाय दोनों ही स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं. साथ ही दिन में 2 से 3 कप से ज्यादा चाय का सेवन न करें.
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो चाय में नमक डालना स्वाद के लिहाज से एक अलग अनुभव दे सकता है, लेकिन स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह आदत सुरक्षित नहीं मानी जाती. पारंपरिक तरीके से बनी चाय ही शरीर के लिए बेहतर होती है. किसी भी नए प्रयोग को आदत बनाने से पहले उसके स्वास्थ्य प्रभावों को समझना जरूरी है. आजकल कई लोग सोशल मीडिया पर देखकर ट्रेंड को फॉलो करना शुरू कर देते हैं, लेकिन ऐसा करने से बचना चाहिए. अगर आपको पहले से कोई बीमारी है, तब किसी भी तरह के एक्सपेरिमेंट से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें