Last Updated:
डायबिटीज होने पर खानपान में जरूरी परहेज न किए जाएं तो किडनी के खराब होने का सबसे ज्यादा खतरा होता है. यदि आप या आपके घर में को डायबिटीज मरीज हैं, तो तुरंत यहां बताए गए डाइट गलतियों को सुधार लें. ध्यान रखें सही खानपान और नियमित चेकअप से डायबिटीज में भी एक अच्छा जीवन जीना संभव है.
डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जो अगर लंबे समय तक कंट्रोल न रहे, तो शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है. इनमें किडनी सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले अंगों में से एक है. खून में बढ़ी हुई शुगर धीरे-धीरे किडनी की उन नाजुक रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है, जो शरीर से गंदगी और अतिरिक्त पदार्थों को छानने का काम करती हैं. इसलिए केवल दवाइयों से शुगर कंट्रोल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही खान-पान भी उतना ही जरूरी है.
यहां आप खानपान से जुड़ी उन गलतियों के बारे में जान सकते हैं, जिससे डायबिटीज में किडनी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है. हालांकि समय पर सही कदम उठाने से इस जोखिम को कम करना और बचना काफी हद तक मुमकिन हो सकता है.
खानपान की गलती कैसे सड़ाती है किडनी
सबसे आम गलती है जरूरत से ज्यादा नमक का सेवन करना. पैकेज्ड फूड, नमकीन स्नैक्स, अचार और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों में सोडियम की मात्रा बहुत अधिक होती है. ज्यादा नमक खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जिससे किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और समय के साथ उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है.
प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन भी नुकसानदायक होता है. चिप्स, इंस्टेंट ओट्स, फ्रोजन फूड और पैक्ड मीट जैसी चीजों में अधिक नमक, अस्वस्थ वसा और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं. ये न केवल डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक हैं, बल्कि किडनी की सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
कुछ लोग बिना डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के हाई-प्रोटीन डाइट लेना शुरू कर देते हैं. हालांकि प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन इसकी अत्यधिक मात्रा किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है. खासकर उन लोगों के लिए जिनकी किडनी पहले से कमजोर है या जिन्हें डायबिटीज है.
इसके अलावा, ज्यादा चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट जैसे सफेद ब्रेड, मिठाइयां, मीठे पेय पदार्थ और बेकरी उत्पादों का सेवन भी हानिकारक हो सकता है. ये चीजें ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाती हैं, जिससे लंबे समय में किडनी संबंधी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.
बचाव के उपाय
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए नमक और प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करना चाहिए. घर का बना ताजा भोजन सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है. भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, सीमित मात्रा में फल और थोड़ी मात्रा में मेवे शामिल किए जा सकते हैं. इसके साथ ही पर्याप्त पानी पीना, ब्लड शुगर को कंट्रोल रखना और नियमित रूप से डॉक्टर से जांच कराना भी बहुत जरूरी है.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.