Last Updated:
नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं. इस बार वह मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ में एक ऐसे डॉक्टर के रोल में नजर आने वाले हैं, जो मुश्किल से मुश्किल बीमारी का पता लगा लेते हैं. लेकिन अपने अजीब बिहेव की वजह से अस्पताल में अक्सर वह विवादों में रहते हैं. इस सीरीज में दीया मिर्जा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. आइए जानते हैं कि यह सीरीज कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के जाने माने एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा जल्द ही एक नई मेडिकल ड्रामा सीरीज में नजर आने वाले हैं. इस सीरीज का नाम ‘डॉ. हसन’ है. इस सीरीज की खास बात यह है कि इसमें अस्पताल की दुनिया, मरीजों की गंभीर बीमारियों और डॉक्टरों के बीच होने वाले टकराव की कहानी दिखाई जाएगी. अब मेकर्स ने इस सीरीज की रिलीज डेट और ओटीटी प्लेटफॉर्म का घोषणा कर दी है. (Image: Jiohotstar)
नवाजुद्दीन सिद्दीकी पहली बार किसी सीरीज में डॉक्टर का रोल निभाने वाले हैं. वहीं दीया मिर्जा सीरीज में अपने काम से लोगों का दिल जीतने वाली हैं. यह सीरीज 11 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है. दर्शक इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे. इस सीरीज को बनिजय एशिया ने प्रोड्यूस किया है,बात अगर निर्देशन की कमान की हो तो वह रोहन सिप्पी ने संभाली है. (Image: Youtube/Screengrab)
सीरीज में ‘डॉ. हसन’ की कहानी है, अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘हाउस’ से प्रेरित है.इस पॉपुलर शो में हॉलीवुड स्टार ह्यू लॉरी ने लीड रोल निभाया था. डेविड शोर के बनाए इस शो के कुल आठ सीजन आए थे, जो साल 2004 से 2012 तक आए थे. अब इसी कहानी को भारतीय दर्शकों के लिए परोसा जा रहा है. (Image: Youtube/Screengrab)
Add News18 as
Preferred Source on Google
बात अगर सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के रोल की करें तो वह इसमें डॉक्टर हसन के रोल में हैं. वह एक ऐसे डॉक्टर की भूमिका में होंगे, जिसकी मेडिकल समझ और बीमारी पहचानने की क्षमता की लोग तारीफ करते नहीं थकते. वह उन बीमारियों का भी पता लगा लेते हैं, जिन्हें दूसरे डॉक्टर समझने में नाकाम हो जाते थे. (Image: Youtube/Screengrab)
नवाज यानी डॉक्टर हसन का काम करने का तरीका सबसे अलग होता है. इसलिए लोगों को उनका बिहेव भी थोड़ा अलग ही लगता है. इसी वजह से अस्पताल में उनके अपने साथियों के साथ अक्सर उनकी भिड़ंत भी हो जाती है. इस सीरीज में उनकी निजी जिंदगी से जुड़े संघर्षों को भी दिखाया जाएगा. (Image: Youtube/Screengrab)
दूसरी ओर सीरीज में दीया मिर्जा डॉ. पलक जैन के रोल में हैं. वह अस्पताल की चीफ मेडिकल ऑफिसर होंगी.पलक और डॉक्टर हसन कॉलेज के पुराने क्लासमेट भी रह चुके हैं. ऐसे में दोनों के बीच पुराना रिश्ता और अस्पताल में उनके बीच होने वाले विवाद काफी दिलचस्प है. (Image: Youtube/Screengrab)
नवाजुद्दीन की सीरीज ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर जब से सामने आया है, तभी से लोगों की एक्साइटमेंट सीरीज को लेकर दोगुनी हो गई है. खासतौर पर लोगों को नवाजुद्दीन का ये डॉक्टर वाला अवतार देखने की काफी एक्साइटमेंट हैं. ‘डॉ. हसन’ 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.
बता दें कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी अलग तरह की एक्टिंग और किरदारों में गहराई लाने के लिए पहचाने जाते हैं. ऐसे में एक असामान्य डॉक्टर के रूप में उन्हें देखना काफी दिलचस्प होने वाला है. वहीं, दीया मिर्जा के साथ उनकी जोड़ी भी पहली बार इस तरह के मेडिकल ड्रामा में दर्शकों के सामने आएगी. सीरीज से उम्मीद है कि यह एंटरटेनमेंट के साथ-साथ अस्पताल की दुनिया के कई गंभीर सवालों को भी सामने लाएगी.