Last Updated:
Winter Health Tips: दिवाली की मिठाइयों और मौसम में बदलाव के बाद गले की खराश और खांसी से राहत पाने के लिए खरगोन और निमाड़ क्षेत्र में गुड़ और हल्दी की देसी गोली का पारंपरिक रूप से उपयोग किया जाता है.
Khargone News: दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयों की भरमार न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. लेकिन, त्योहार पर खूब मिठाई खाने और मौसम में बदलाव के बाद कई लोगों को गले में खराश, दर्द और खांसी की परेशानी होने लगती है. सर्दी के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती है. ऐसे में खरगोन सहित पूरे निमाड़ के गांवों में आज भी दादी-नानी के बताए पुराने घरेलू नुस्खे आज भी अपनाए जाते हैं. इन्हीं में शामिल है गुड़ और हल्दी से तैयार होने वाली छोटी सी देसी गोली. माना जाता है कि रात को सोने से पहले इसका सेवन करने से गले को आराम मिलता है और खांसी की परेशानी कम हो सकती है.
निमाड़ के ग्रामीण इलाकों में पहले सर्दी, खांसी और गले की खराश जैसी छोटी-मोटी परेशानियों के लिए लोग डॉक्टरों या वेद्य के पास जाने से पहले घर की रसोई में मौजूद चीजों का इस्तेमाल करते थे. बुजुर्गों के पास ऐसे कई नुस्खे होते थे, जिन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया जाता था. गुड़ और हल्दी का यह नुस्खा भी उन्हीं में से एक है. आज भी कई ग्रामीण परिवारों में खांसी होने पर इसे आजमाया जाता है.
सिर्फ दो चीजों से तैयार होती है देसी गोली
इस नुस्खे की खासियत यह है कि इसे तैयार करने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद गुड़ का एक छोटा टुकड़ा लें. इसमें बराबर मात्रा में या स्वाद के अनुसार हल्दी मिलाएं. दोनों को अच्छी तरह मिक्स करके छोटी सी गोली बना लें. इसे धीरे-धीरे मुंह में रखकर चूसते रहे.
हल्दी और गुड़ को क्यों माना जाता है फायदेमंद?
खरगोन के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. संतोष मौर्य बताते हैं कि हल्दी और गुड़ दोनों का पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में अपना महत्व है. हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं. वहीं, गुड़ का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से गले को आराम पहुंचाने वाले घरेलू उपायों में किया जाता रहा है. दोनों को मिलाकर तैयार किया गया मिश्रण गले की खराश और खांसी में कुछ लोगों को आराम दे सकता है.
रात में सोने से पहले सेवन करने की परंपरा
ग्रामीण क्षेत्रों में इस देसी गोली को रात में सोने से पहले लेना चाहिए. लेकिन इसके बाद कुछ खाने-पीने से बचना चाहिए. क्योंकि पानी पीने से इसके औषधीय गुण घट जाता है और जल्दी आराम नहीं मिलता है. हालांकि, ज्यादा प्यास लगने पर थड़ी मात्रा में सामान्य या गुनगुना पानी पीना चाहिए.
बच्चों को देते समय बरतें सावधानी
डॉ. मौर्य के अनुसार, घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करते समय उम्र और स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है. खासकर छोटे बच्चों को गुड़ और हल्दी की गोली देने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए. एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद भी नहीं देना चाहिए. यदि खांसी लंबे समय तक बनी रहे, तेज बुखार आए, सांस लेने में परेशानी हो या सीने में दर्द हो तो डॉक्टर से संपर्क करें.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.