Last Updated:
World’s First Robotic Beating Heart Surgery: गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दुनिया की पहली ड्यूल-कंसोल रोबोटिक TECAB हार्ट सर्जरी की गई. इस तकनीक में धड़कते दिल पर बिना सीने की हड्डी काटे पांच रोबोटिक आर्म से ऑपरेशन किया गया. इस उपलब्धि के साथ भारत ने रोबोटिक हार्ट सर्जरी के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक नई मिसाल पेश की है.
Medanta Hospital Robotic Heart Surgery: दिल की सर्जरी का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में सीने की हड्डी काटने और लंबे समय तक अस्पताल में रहने का डर आ जाता है. लेकिन अब मेडिकल टेक्नोलॉजी ने इस डर को काफी हद तक कम करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दुनिया की पहली ऐसी रोबोटिक हार्ट सर्जरी की गई है. जिसमें दो अलग-अलग कंसोल से दो सर्जन ने एक साथ पांच रोबोटिक आर्म की मदद से ऑपरेशन किया. खास बात यह है कि इस पूरी सर्जरी के दौरान मरीज का दिल धड़कता रहा और उसे रोकने की जरूरत नहीं पड़ी. यह सर्जरी SSI Mantra Surgical Robotic System की मदद से की गई. इसे Totally Endoscopic Coronary Artery Bypass यानी TECAB कहा जाता है. इस उपलब्धि के साथ भारत ने रोबोटिक हार्ट सर्जरी के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक नई मिसाल पेश की है.
दो सर्जन, दो कंसोल और पांच रोबोटिक आर्म
इस खास सर्जरी को मेदांता गुरुग्राम के रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नितिन कुमार राजपूत और मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर के चीफ कार्डियक सर्जन डॉ. ललित मलिक ने मिलकर किया. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी भारत में रोबोटिक सर्जरी के जनक माने जाने वाले डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने की.इस सर्जरी की सबसे बड़ी खासियत इसका ड्यूल-कंसोल सिस्टम है. आमतौर पर रोबोटिक सर्जरी में एक सर्जन दो रोबोटिक इंस्ट्रूमेंट की मदद से ऑपरेशन करता है. वहीं, इस नई तकनीक में दो अलग-अलग कंसोल पर बैठकर दो सर्जन एक साथ काम कर सकते हैं. पांचों रोबोटिक आर्म का इस्तेमाल एक साथ किया गया.
ज्यादा बेहतर तालमेल के साथ ऑपरेशन कर सकते
डॉ.नितिन कुमार राजपूत ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि सामान्य सर्जरी में एक सर्जन ऑपरेशन करता है और दूसरा सर्जन उसकी मदद के लिए टिश्यू को पकड़ने, सर्जरी वाली जगह को साफ दिखाने और टांके लगाने में सहायता करता है. लेकिन पहले रोबोटिक सर्जरी में इस तरह से दूसरे सर्जन की मदद लेने की सुविधा नहीं थी. अब पांचवें रोबोटिक आर्म और दूसरे कंसोल की मदद से दोनों सर्जन मिलकर ज्यादा बेहतर तालमेल के साथ ऑपरेशन कर सकते हैं.
धड़कते दिल पर कैसे होती है सर्जरी
इस सर्जरी की एक और खास बात यह है कि इसमें मरीज का दिल धड़कना बंद नहीं करता. आमतौर पर बाईपास सर्जरी में दिल की सतह पर मौजूद उन नसों तक खून पहुंचाने का रास्ता बनाया जाता है, जिनमें ब्लॉकेज होता है. इसके लिए शरीर की दूसरी नस या धमनी को जोड़कर खून की सप्लाई बेहतर की जाती है.डॉ. नितिन राजपूत बताते हैं कि लोग अक्सर इसे ओपन हार्ट सर्जरी कहते हैं, लेकिन हर हार्ट सर्जरी में दिल के अंदर का हिस्सा खोलने की जरूरत नहीं होती. इस प्रक्रिया में दिल की सतह पर मौजूद कोरोनरी आर्टरीज पर काम किया जाता है. खास स्टेबलाइजेशन सिस्टम की मदद से सर्जरी वाली जगह को स्थिर रखा जाता है, जबकि दिल लगातार धड़कता रहता है. इसमें हार्ट-लंग मशीन की भी जरूरत नहीं पड़ती.
सीने पर बड़ा कट नहीं, सिर्फ चार छोटे छेद
नॉर्मल बाईपास सर्जरी में मरीज के सीने के बीच की हड्डी को काटकर ऑपरेशन किया जाता है. इसके बाद हड्डी को स्टील वायर से जोड़ा जाता है और उसे ठीक होने में कई हफ्ते से लेकर कुछ महीने तक लग सकते हैं.वहीं, रोबोटिक TECAB सर्जरी में सीने पर बड़ा चीरा लगाने की जगह चार छोटे छेद किए जाते हैं. इन्हीं के जरिए रोबोटिक उपकरण अंदर पहुंचाए जाते हैं और सर्जरी की जाती है. इससे मरीज को कम दर्द, कम खून बहने और तेजी से रिकवरी जैसे फायदे मिल सकते हैं.
मरीज को क्या होगा फायदा
डॉ. नितिन राजपूत ने बताया कि इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मरीज के मन से बड़ी हार्ट सर्जरी का डर कम हो सकता है. कई लोग सिर्फ इस डर से ऑपरेशन टालते रहते हैं कि उनके सीने की हड्डी काटी जाएगी और उन्हें लंबे समय तक आराम करना पड़ेगा. रोबोटिक सर्जरी में चोट और शरीर को होने वाला नुकसान कम होने की वजह से मरीज की रिकवरी जल्दी हो सकती है. अस्पताल में रुकने का समय भी कम हो सकता है और मरीज जल्द ही अपने घर या काम पर लौट सकता है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें