Last Updated:
Jodhpur Free IVF Centre In Government Hospital: जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में पश्चिमी राजस्थान का पहला सरकारी आईवीएफ सेंटर मार्च 2027 तक शुरू होगा. यहां निसंतान दंपतियों को बेहद कम खर्च में आधुनिक उपचार मिल सकेगा. आंकड़ों के मुताबिक, गर्भधारण का प्रयास करने वाले प्रत्येक 100 दंपतियों में से करीब 5 से 10 प्रतिशत को निसंतानता की समस्या का सामना करना पड़ता है. ऐसे में कई दंपति संतान प्राप्ति की उम्मीद में निजी अस्पतालों का रुख करते हैं, जहां आईवीएफ उपचार का खर्च लाखों रुपए तक पहुंच जाता है. आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए इतना महंगा उपचार करवाना आसान नहीं होता. इसी परेशानी को देखते हुए राजस्थान सरकार की पहल पर जोधपुर में सरकारी आईवीएफ सेंटर स्थापित किया जा रहा है.
जोधपुर. पश्चिमी राजस्थान के निसंतान दंपतियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है. अब संतान सुख का सपना पूरा करने के लिए उन्हें निजी अस्पतालों में लाखों रुपए खर्च नहीं करने पड़ेंगे. जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल की जनाना विंग में अत्याधुनिक सरकारी आईवीएफ सेंटर शुरू होने जा रहा है. सेंटर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और मेडिकल उपकरणों की खरीद के लिए वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं. मार्च 2027 तक सेंटर शुरू होने की उम्मीद है. यहां बेहद कम खर्च में निसंतान दंपतियों को आईवीएफ उपचार की सुविधा मिल सकेगी.
निर्माण कार्य पूरा, उपकरणों की खरीद के वर्क ऑर्डर जारी
एमडीएम अस्पताल की जनाना विंग में तैयार हो रहे इस सेंटर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अब इसके संचालन की दिशा में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सेंटर में आईवीएफ उपचार के लिए जरूरी अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे. इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से उपकरणों की खरीद के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं. वहीं, सेंटर के बेहतर संचालन के लिए फैकल्टी और संबंधित डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की जा रही है. मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा और एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित की निगरानी में इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है.
निजी अस्पतालों के मुकाबले बेहद कम खर्च में मिलेगा उपचार
इस सरकारी आईवीएफ सेंटर की सबसे बड़ी खासियत यहां मिलने वाली किफायती उपचार सुविधा होगी. निजी अस्पतालों में आईवीएफ प्रक्रिया के लिए दंपतियों को लाखों रुपए खर्च करने पड़ते हैं, जबकि सरकारी अस्पताल में यह सुविधा लगभग नि:शुल्क या बेहद नाममात्र के शुल्क पर उपलब्ध करवाने की तैयारी है. सेंटर में अनुभवी डॉक्टरों की टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के जरिए निसंतान दंपतियों का उपचार किया जाएगा. इसके शुरू होने से जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है. मार्च 2027 तक सेंटर शुरू होने के बाद संतान सुख की उम्मीद लगाए बैठे कई दंपतियों के लिए उपचार की राह आसान हो सकेगी.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
और पढ़ें